Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

एमपी- भोजशाला में 10 साल बाद नमाज-पूजा एक ही दिन: पूजा जारी, दोपहर में नमाज; 8000 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन-AI से निगरानी

धार : मध्य प्रदेश के धार स्थित विवादित धार्मिक स्थल भोजशाला में बसंत पंचमी पर शुक्रवार को पूजा और नमाज के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। हिंदू श्रद्धालुओं ने सूर्योदय के साथ वाग्देवी (मां सरस्वती) की पूजा शुरू की। हवन और पाठ सूर्यास्त तक किए जाएंगे।

यहीं, एक अलग क्षेत्र में दोपहर 1 से 3 बजे तक जुमे की नमाज भी अदा की जाएगी। आमतौर पर बसंत पंचमी पर पूजा और जुमे के दिन नमाज की ही अनुमति रहती है, लेकिन दोनों एक दिन पड़ते हैं तो तनाव की स्थिति बनती है।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स के 8000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। इलाके की निगरानी सीसीटीवी, ड्रोन और AI तकनीक से की जा रही है।

गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की याचिका पर सुनवाई करते हुए हिंदू पक्ष को सूर्योदय से सूर्यास्त तक वाग्देवी की पूजा की पूरी छूट दी है। साथ ही मुस्लिम पक्ष को दोपहर 1 से 3 बजे तक जुमे की नमाज अदा करने की अनुमति दी है। कोर्ट ने प्रशासन से शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए थे।

‘खाली कर दो रास्ते भोजशाला के वास्ते’ जैसे नारे लगाए

हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में दर्शन पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। और ‘खाली कर दो रास्ते भोजशाला के वास्ते’ जैसे नारे लगा रहे हैं।

धार एसपी बोले- संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर

धार एसपी मयंक अवस्थी ने भोजशाला में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा- सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। धार शहर को 7 जोन में बांटा गया है, जिन्हें एसपी रैंक के अफसर मॉनिटर कर रहे हैं। एक-एक गली चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर है।

भोजशाला को 6 सेक्टर में बांटा गया है। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसको ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्था की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी हो रही है। एसपी अवस्थी ने नमाज को लेकर कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार व्यवस्था की गई है।

जगह-जगह माइक लगाकर अनाउंसमेंट

शहर में जगह-जगह माइक लगाकर अनाउंसमेंट किया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर कोई भी अनर्गल कमेंट या पोस्ट ना करें। अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर पुलिस की निगरानी है। अनर्गल कमेंट या पोस्ट करने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर भोजशाला पहुंचीं

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती के साथ भोजशाला में दर्शन-पूजन के लिए पहुंची हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *