जबलपुर : जबलपुर के सिहोरा में शनिवार सुबह टाटा सूमो के अंदर सो रहा एक व्यक्ति जिंदा जल गया। आग की लपटों ने पास की एक दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दुकान भी जलकर खाक हो गई।
आशंका है कि मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती (Mosquito Coil) से गाड़ी के अंदर पड़े कचरे में आग भड़क गई, जिससे व्यक्ति बाहर नहीं निकल पाया। सूमो काफी पुरानी बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी के पास ही खाना बनाता और उसी में सोता था
घटना सिहोरा के वार्ड नंबर-3 की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक लावारिस था। कई सालों से इलाके में खड़ी एक पुरानी टाटा सूमो में ही रह रहा था।
वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। आसपास से कूड़ा-कचरा और पन्नियां इकट्ठा कर गाड़ी में भरकर रखता था। लोगों ने बताया कि वह अक्सर गाड़ी के पास ही खाना बनाता और रात में उसी गाड़ी के अंदर सो जाता था।

गाड़ी के बाद दुकान में लगी आग बुझाते हुए युवक।

आग इतनी तेज थी कि टाटा सूमो में सो रहा व्यक्ति जिंदा जल गया।

आग लगने के बाद अब सिर्फ गाड़ी का ढांचा ही दिख रहा है।
ज्वलनशील कचरे से फैली आग, शख्स अंदर ही फंसा
गाड़ी के भीतर बड़ी मात्रा में पन्नियां और ज्वलनशील कचरा रखा होने के कारण आग तेजी से फैली। जब तक व्यक्ति बाहर निकलने की कोशिश करता, तब तक आग पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले चुकी थी। शख्स अंदर ही फंस गया। दम घुटने और बुरी तरह झुलसने से उसकी मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देखकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके साथ ही खुद भी आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

