खंडवा : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हेलिकॉप्टर शनिवार को हवा में लड़खड़ाने लगा। वे खंडवा के पंधाना में राज्यस्तरीय लाड़ली बहना योजना के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब सीएम का हेलिकॉप्टर टेकऑफ के लिए हवा में उठा, तो वह आगे बढ़ने की बजाय पीछे की ओर जाने लगा। फिर कुछ पलों के लिए हवा में थम गया।
पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्थिति को कंट्रोल किया और हेलिकॉप्टर ने सुरक्षित उड़ान भरी। इसके बाद सीएम यादव खंडवा से भोपाल पहुंचे। घटना का वीडियो रविवार को सामने आया है।

सीएम के हेलिकॉप्टर ने पंधाना में हवाई पट्टी से टेक ऑफ किया।

हेलिकॉप्टर हवा में ऊपर उठा और लड़खड़ाने लगा।

कुछ ही पलों बाद हेलिकॉप्टर पीछे की तरफ जाता दिखाई दिया।

इसके बाद हेलिकॉप्टर कुछ सेकेंड्स के लिए हवा में थमा रहा।

नियंत्रण में आने के बाद पायलट ने हेलिकॉप्टर आगे बढ़ाया।
एसपी बोले- ऐसा होना सामान्य, कोई चूक नहीं
खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने कहा- तकनीकी रूप से कुछ भी ऐसा नहीं था कि उड़ान में कोई दिक्कत आई हो। हमने तुरंत संबंधित अधिकारियों से चर्चा की थी। उन्होंने बताया कि यह सामान्य बात है। टेक ऑफ के समय हेलिकॉप्टर अलग दिशा में था जबकि उसे दूसरी दिशा में जाना था।
वह हवा में उठकर निर्धारित दिशा में जाने के लिए घूमने लगा। इसी बीच ज्यादा धूल उड़ने लगी गई। धूल और ज्यादा न उड़े इसलिए पायलट ने हेलिकॉप्टर की रफ्तार धीमी कर दी। फिर कुछ सेकेंड में ही हेलिकॉप्टर को थोड़ा नीचे लाकर स्टेट किया। इसके बाद हेलिकॉप्टर भोपाल के लिए रवाना हो गया।

