मोहाली : आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के विवाद में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में राघव को देश का एसेट बताया। शंकराचार्य ने कहा कि राघव के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) अपना नुकसान कर रही है।
शंकराचार्य ने कहा- राजनीतिक गणित अलग होता है। कई लोग तो कह रहे हैं कि उनका राजनीतिक कद बढ़ने लगा था, जो आगे चलकर लीडर के लिए दिक्कत पैदा करता। राघव का कद सिर्फ पार्टी नहीं, बल्कि खुद के चलते बड़ा हुआ है। AAP ने राघव को कुछ दिन पहले ही राज्यसभा के उपनेता पद से हटाया है।
राघव चड्ढा ने पाॉडकास्ट के कुछ अंश बुधवार को खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए। इसमें शंकराचार्य के लिए लिखा- आपके श्रीचरणों में सादर प्रणाम।
शंकराचार्य ने ये बातें कहीं…
संसद में आम लोगों की आवाज उठाई
शंकराचार्य ने कहा- राघव चड्ढा के जब बेटा हुआ तो उनका फोन हमारे पास आशीर्वाद के लिए आया था। हमने उन्हें कहा था- बहुत बधाई। उन्होंने संसद में आम आदमी के लिए जो आवाज उठाई, देश की जनता ने उसकी प्रशंसा की। अब उनकी पार्टी कह रही है कि जो मुद्दे थे, उन्हें हमारे ढंग से उठाना चाहिए था। आपने अपने ढंग से आम लोगों के मुद्दे उठा दिए, इसलिए हम आपको यहां पर अपना प्रवक्ता नहीं रखना चाहते हैं। तकनीकी दृष्टि से देखें तो वह पार्टी है। वह अपने तरीके से पक्ष रखवाएगी। इस पर तो कोई कुछ नहीं कह सकता है। हम भी नहीं कह सकते हैं। पार्टी है। पार्टी में जो व्यवस्था है, वह जिससे अपना पक्ष रखवाना चाहती है, रखवाए।
अब वह स्वयं व्यक्ति हो गया है
शंकराचार्य ने कहा- राघव चड्ढा ने आम लोगों के प्रश्न संसद में रखे। उनमें से कई मुद्दों पर कार्रवाई हुई है। उससे राघव के प्रति लोगों की आशा बन गई है। अब उस आशा को कहां से खत्म कर देंगे? अब वह स्वयं एक व्यक्ति हो गया है। इसलिए अब वह किसी पार्टी में रहे, चाहे बिना पार्टी के रहे, लोग उससे हृदय से जुड़े रहेंगे। उससे अपेक्षा करेंगे कि वह जहां भी रहें, हमारी बात उठाएं। अगर संसद में आप नहीं उठाने देंगे तो जनता दूसरी जगह और दरवाजे से भेज देगी कि जाओ हमारी आवाज उठाओ।

राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा की शादी के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज उनके घर पहुंचे थे। – फाइल फोटो
वह तो हमारे देश का एसेट है
आम आदमी पार्टी द्वारा राघव चड्ढा को छोड़ देने के सवाल पर शंकराचार्य ने कहा- यह उनका विषय है। हम उनके सलाहकार तो नहीं हैं। हम न उनको सलाह देंगे कि यह करो या न करो। न उन्होंने हमसे सलाह मांगी है और न हम बिना मांगे सलाह देंगे। उनका भविष्य उज्ज्वल है, क्योंकि जो व्यक्ति जनता की बात करेगा, उसका भविष्य कभी खराब नहीं हो सकता। मेरा पूरा आशीर्वाद है। वह बहुत शिष्ट व्यक्ति हैं और तथ्य के साथ बात रखते हैं। ऐसे नेता कहां हैं अपने देश में? गिने-चुने ही नेता हैं। सौम्य व मृदुभाषी हैं। हमारे देश का एसेट हैं।
पार्टी अपना नुकसान कर रही है
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- यह तो आम आदमी पार्टी अपना नुकसान कर रही है। अब जो भी हो, उनका अपना मसला है, लेकिन उनके प्रति जो देश की धारणा है, वह अच्छी है। आगे वह अभी उन्नति करेंगे।
शंकराचार्य का राघव ने किया था रेड कारपेट वेलकम
अविमुक्तेश्वरानंद अक्टूबर 2024 में दिल्ली स्थित राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा के निवास पर विशेष निमंत्रण पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने रेड कारपेट वेलकम के बीच पादुका पूजन और आशीर्वाद कार्यक्रम में भाग लिया। यह विजिट उस समय हुई थी, जब राघव की नई-नई शादी हुई थी।

