अजमेर : अजमेर दरगाह पर उर्स पर प्रधानमंत्री की ओर से औपचारिक चादर चढ़ाने की परंपरा पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की अवकाशकालीन पीठ के समक्ष यह याचिका पेश की गई।
इधर, अजमेर दरगाह में चल रहे 814वें सालाना उर्स पर पीएम नरेंद्र मोदी की तरफ से आज चादर चढ़ाई गई। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पीएम की ओर से भेजी गई चादर लेकर अजमेर पहुंचे थे।
केंद्रीय मंत्री चादर पेश करने के बाद अब बुलंद दरवाजे पर मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस तैनात की गई।
इससे पहले केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सर्किट हाउस में मीडिया से कहा था कि चादर पीएम, सरकार हम सभी की तरफ से है। पीएम के संदेश पर बोले कि मैं खुद आया हूं, मैं जो बोलूंगा वो ही संदेश होगा।

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के साथ मौजूद भाजपा नेता और दरगाह से जुड़े पदाधिकारी।
चिराग पासवान की ओर से चादर पेश
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से चादर पेश की गई। यह चादर लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद साबिर ने पेश की। दरगाह के खादिम जुहूर बाबा चिश्ती ने उन्हें जियारत कराई। जियारत के बाद अकीदत और सम्मान के साथ चादर दरगाह शरीफ में पेश की गई। चादरपोशी के दौरान सूफियाना परंपराओं का पालन करते हुए मुल्क में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से चादर पेश की गई।

अजमेर दरगाह में 814वें उर्स के मौके पर जन्नती दरवाजा जायरीन के लिए खोल दिया गया था। सामान्य दिनों में यह दरवाजा बंद रहता है।

चांद दिखने के साथ ही रविवार को उर्स की शुरुआत हो गई,लाखों की संख्या में जायरीन अजमेर दरगाह पहुंच रहे हैं।

आज केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पीएम मोदी की ओर से चादर चढ़ाने अजमेर पहुंचे। प्रधानमंत्री की चादर को लेकर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए।
हमारे देश को कोई तोड़ नहीं सकता
किरेन रिजीजू ने कहा कि कोई कुछ भी कहे हमारे देश को कोई तोड़ नहीं सकता। दुनिया में सबसे बड़ा आबादी वाला देश हिंदुस्तान है। चीन के भी आगे हम निकल गए हैं। दुनिया का सबसे बड़ा मुल्क होने के नाते हमारी भी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। एक साथ आगे चलना है।
2047 में हिंदुस्तान को विकसित भारत बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसको आह्वान किया है। उसको पूरा हम सबको मिलकर करना है। आपस में लड़ाई होगी तो मकसद पूरा नहीं होगा। अजमेर शरीफ में आकर दिल को बहुत सुकून मिला है।

