बानसूर (कोटपूतली-बहरोड़) : कोटपूतली-बहरोड़ जिले में लेपर्ड ने किसान पर हमला कर दिया। दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक वार-पलटवार हुआ। लेपर्ड से बचने के प्रयास में घायल किसान ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। लेपर्ड की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह 7 बजे जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के खरकड़ी गांव की है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले भी इस एरिया में लेपर्ड देखे गए है। इसके बारे में वन विभाग को भी बताया गया था।
जंगल में चारा लेने गया था किसान
ग्रामीणों ने बताया कि- श्रवण गुर्जर (48) सुबह बकरियों का चारा लेने घर से 500 मीटर अपने खेत पर गया था। जब वह पेड़ की टहनी काट रहा था, इसी दौरान झाड़ियों में छिपे लेपर्ड के शावक ने उस पर हमला कर दिया।
श्रवण ने बताया- लेपर्ड ने उसके शरीर पर पंजों और दांतों से अटैक किया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गया। करीब 15 मिनट तक वो लेपर्ड से बचने की कोशिश करता रहा। इस बीच मौका देखते ही कुल्हाड़ी से लेपर्ड के सिर पर वार कर दिया।

शव को वन विभाग के ऑफिस पहुंचाया
घायल किसान को अलवर के सरकारी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। वन विभाग के फोरेस्टर मनोज नागा ने बताया-लेपर्ड के शव वन विभाग के ऑफिस लाया गया है। मामले में आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

