नीमराना : नीमराना उपखंड क्षेत्र के घीलौट औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रांस एसी कंपनी में मंगलवार तड़के करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

घीलौट औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रांस एसी कंपनी में मंगलवार तड़के करीब 3 बजे आग लगी।
दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंची
आग पर काबू पाने के लिए नीमराना इंडियन जोन से दो, जापानी जोन से एक, बहरोड़ नगर परिषद की एक, सोतनाला की एक, कोटपूतली की एक, शाहजहांपुर स्थित विकास ईकोटेक कंपनी की एक और एएलपी शाहजहांपुर कंपनी की घीलौट दमकल सहित कुल 12 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
साढ़े 4 घंटे में आग पर पाया काबू
नीमराना इंडियन जोन फायर ऑफिसर मेघराज यादव और घीलौट दमकल केंद्र के प्रभारी मंजीत के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने लगभग साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 7 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

दमकल विभाग की 12 गाड़ियों को आग बुझाने में साढ़े 4 घंटे लगे। शॉट सर्किट आग लगने की वजह बताई जा रही है।
बस और ट्रेन के एसी बनाती है कंपनी
यह कंपनी वोल्वो बसों और ट्रेनों के लिए एयर कंडीशनर (एसी) बनाने का काम करती है। आग की इस घटना में कंपनी को करोड़ों रुपये के भारी नुकसान का अनुमान है। घटना की सूचना मिलते ही नीमराना डीएसपी चारुल गुप्ता और शाहजहांपुर थाना प्रभारी प्रक्रिता चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

