बीकानेर : राजस्थान के सरकारी स्कूलों में CBSE के पैटर्न पर शैक्षणिक सत्र में बदलाव किया गया है। अब नया शैक्षणिक सत्र जुलाई के बजाय अप्रैल से ही शुरू होगा।
इस बार रिजल्ट डेढ़ महीने पहले 30 मार्च को जारी होंगे, जबकि थर्ड टेस्ट भी जनवरी के आखिरी हफ्ते में कराए जाएंगे।
प्राइवेट स्कूलों के मुकाबले एडमिशन में पिछड़ने के कारण शिक्षा विभाग ने सालाना शैक्षणिक कैलेंडर में बदलाव किया है।
फरवरी में होने वाला थर्ड टेस्ट जनवरी में ही होगा
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से राज्य सरकार को भेजे गए प्रस्तावों के आधार पर बदलाव किया गया है। पहले थर्ड टेस्ट 5 से 7 फरवरी के बीच होने थे, लेकिन अब इन्हें जनवरी के अंतिम दिनों यानी 27 और 28 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
सिलेबस में नहीं किया गया बदलाव
करीब एक महीने पहले हो रहे इन एग्जाम के लिए सिलेबस में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। छात्र-छात्राओं को पूरे सिलेबस के आधार पर ही परीक्षा देनी होगी।
1 अप्रैल से शुरू हो जाएगा नया शैक्षणिक सत्र
अब तक हर साल विभाग 16 मई को रिजल्ट जारी करता था, लेकिन इस बार समय से पहले 30 मार्च को रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। इसे लेकर विभागीय स्तर पर आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ने की उम्मीद
अभी तक सरकारी स्कूलों में जुलाई से सेशन शुरू होता था, जबकि प्राइवेट स्कूलों में अप्रैल से, जिससे सरकारी स्कूलों में एडमिशन लगातार कम हो रहे थे।
विभागीय अधिकारियों का मानना है कि सत्र में इस अंतर की वजह से अभिभावक बच्चों का एडमिशन प्राइवेट स्कूलों में करवा देते हैं। इसी समस्या को देखते हुए अब दोनों तरह के स्कूलों में एक साथ सत्र शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
कैलेंडर का पालन नहीं करने वाले प्राइवेट स्कूलों पर कार्रवाई करने के बजाय शिक्षा विभाग ने अपने ही शैक्षणिक कैलेंडर में बदलाव किया है, ताकि सरकारी स्कूलों में भी एडमिशन बढ़ाया जा सके।

