नागौर : नागौर के प्राइवेट स्कूल में 9 साल की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह लड़खड़ाकर गिर गई थी। आनन-फानन में स्कूल स्टाफ उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। करीब 4 महीने पहले बड़े भाई की भी ऐसे ही हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।
घटना नागौर के गोटन कस्बे के गोटन इंटरनेशनल स्कूल में 23 फरवरी की सुबह करीब 7.48 बजे हुई थी।

स्कूल में प्रार्थना से पहले दिव्या ग्राउंड में बच्चों के साथ खेल रही थी।

खेलते-खेलते दिव्या कुछ इस तरह अचानक लड़खड़ाकर ग्राउंड में गिर गई।
स्कूल डायरेक्टर रामकुंवार ओला ने बताया- तालनपुर के रहने वाले राजेंद्र बापेडिया की बेटी दिव्या पांचवीं क्लास की स्टूडेंट थी। सामान्य दिनों की तरह 23 फरवरी की सुबह भी स्कूल आई थी। प्रेयर (प्रार्थना) होने में अभी समय था। इस दौरान कुछ बच्चे ग्राउंड में खेल रहे थे। इसमें दिव्या भी शामिल थी। खेलते समय अचानक दिव्या बेहोश होकर गिर पड़ी।
इससे अफरा-तफरी मच गई। परिवार वालों को सूचना देने के साथ ही स्कूल स्टाफ ने दिव्या को संभाला। बिना देर किए गोटन के राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया गया। तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
घरवालों ने पोस्टमॉर्टम नहीं कराया
डॉक्टर्स के अनुसार, दिव्या के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं थे। प्राथमिक जांच में कार्डियक अरेस्ट से मौत होना माना गया है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था। शव परिजनों को सौंप दिया गया था।

चार महीने पहले बड़े भाई अभिषेक की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।
परिजनों ने बताया- दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की मौत भी इसी तरह हुई थी। 9 सितंबर 2025 को घर पर ही खेलते समय अचानक बेहोश हो गया था। उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया था।

