आगरा : आगरा में जूता कारोबारी की 8 साल की बच्ची की गला काटकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 8 बजे किराएदार के कमरे में रखे एक कनस्तर से बच्ची की लाश मिली। ऊपर आटा भरा हुआ था। वारदात के बाद से किराएदार फरार है। पुलिस को शक है कि उसी ने हत्या की है।
बच्ची मंगलवार दोपहर 2 बजे घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। 30 घंटे बाद पुलिस ने उसका शव बरामद किया। बेटी की लाश देखकर मां बेहोश हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया।
लोग सड़क पर उतर आए। जाम लगा दिया। पथराव किया। कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। सूचना पर डीसीपी सिटी अली अब्बास फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। घटना थाना ताजगंज क्षेत्र की है।
डीसीपी सिटी ने बताया-

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि शव पर और कोई चोट है या नहीं। आरोपी किराएदार के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश में 10 टीमें लगाई गई हैं। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

इसी कनस्तर में बच्ची का शव मिला। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले गई।

बच्ची की हत्या के बाद मोहल्ले के लोग भड़क गए। उन्होंने हंगामा कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

बच्ची का शव देखकर मां बेसुध हो गई। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इलाके में जूता करोबारी के 2 मकान हैं। एक घर में वो पत्नी और 2 बेटियों के साथ रहते हैं। ठीक सामने वाले मकान के ग्राउंड फ्लोर पर फैक्ट्री और गोदाम है। घर के ऊपर एक कमरा किराए पर दे रखा है। इसमें आरोपी सुनील रहता है। वह पेंटिंग का काम करता है।
कारोबारी ने बताया- मंगलवार दोपहर 2 बजे मोहल्ले के कुछ बच्चे आए। बड़ी बेटी उनके साथ खेलने चली गई। काफी देर तक वह दिखाई नहीं दी तो मैंने सोचा कि ट्यूशन पढ़ने चली गई होगी। शाम के 4:30 बजे तक लौटी नहीं तो उसकी मां को चिंता हुई। फिर हम लोगों ने तलाश शुरू की। ट्यूशन टीचर को फोन कर पूछा। उन्होंने बताया कि बेटी आज आई ही नहीं थी।

बच्ची की हत्या के बाद से गुस्साए लोगों ने फतेहाबाद रोड पर हंगामा किया। पथराव किया।
पुलिस ने 4 टीमें बनाईं, मोहल्ले के CCTV खंगाले
पिता ने बताया- मैंने पुलिस को सूचना दी। मोहल्ले के लोगों के साथ हम बेटी को आसपास खोजते रहे। पुलिस ने गलियों में लगे CCTV खंगाले। इसमें दोपहर 2:00 बजे बेटी गली के बाहर एक दुकान पर चिप्स का पैकेट लेती नजर आई। फिर वह वहां से वापस जाती दिखी।
पुलिस ने देर शाम मेरी तहरीर पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली। ACP पीयूष कांत राय के नेतृत्व में 4 टीमें बनाई गईं। पुलिस की एक टीम घर के आसपास के कैमरे देख रही थी। दूसरी टीम घरवालों से बातचीत और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही थी।

गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
‘गुमशुदगी दर्ज कराने थाने तक गया किराएदार, फिर लापता’
पिता ने बताया- तीसरी टीम घरों की तलाशी में लग गई। पुलिस ने मोहल्ले के हर घर की तलाशी ली, मगर मंगलवार को बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच मैंने पुलिस को बताया कि किराएदार सुनील बच्ची के लापता होने के बाद से हमारे साथ था। वह भी बच्ची को तलाश रहा था। वह मेरे साथ गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी गया था।
उन्होंने बताया कि जब पुलिस मोहल्ले के घरों की जांच करने लगी तो सुनील दिखाई नहीं दिया। वह अपने कमरे पर ताला लगाकर चला गया। मेरे शक जाहिर करने पर पुलिस ने बुधवार रात 8 बजे किराएदार के कमरे का ताला खोला। इसके बाद कमरे की तलाशी ली गई, तो कनस्तर में बेटी की लाश मिली। ऊपर आटे की बोरी रखी थी। उसके ऊपर एक लाल रंग की रजाई रखी थी।

पैनल से बच्ची का पोस्टमार्टम कराया गया।
30 मिनट तक भीड़ का हंगामा, सड़क पर पत्थर फेंके
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया- छानबीन के दौरान बच्ची का शव कमरे में रखे छोटे आटे के कनस्तर में मिला। जब पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी तो घरवालों और मोहल्ले के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने कहा- पहले हत्यारोपी की गिरफ्तारी हो, उसके बाद ही शव को ले जाने देंगे।
हालांकि, पुलिस कनस्तर समेत शव को ले गई। इसके बाद लोग सड़क पर उतर आए और फतेहाबाद रोड के मुगल पुलिया पर जाम लगा दिया। करीब 30 मिनट तक हंगामा चला। DCP ने परिवार को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट ले जाएंगे। दोषी को कड़ी सजा दिलाएंगे।
बच्ची की चाची बोली- आरोपी के टुकड़े हों
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे 3 डॉक्टरों के पैनल शव का पोस्टमॉर्टम किया। सुबह करीब 8 बजे बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। सुबह 9.30 बजे परिवार वालों ने बच्ची का शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के गले में 2 कट के निशान और हाथ पैर में भी खरोंच के निशान आए हैं। बच्ची की मौत की वजह अधिक खून बहना आया है।
बच्ची की चाची ने कहा कि जिसने भी मेरी मासूम बच्ची को मारा है, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। उसका एनकाउंटर किया जाना चाहिए।

