अलीगढ़ : समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचे। वह यहां पर सपा नेता नजीबा खान जीनत की बेटी की शादी में होने पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- आज कानून व्यवस्था की पोल खुल गई है। मुख्यमंत्री जी को साइड लाइन कर दिया गया है। और अधिकारियों से ये जानकारी ली गई कि उस घटना (वाराणसी गैंगरेप) में कितने दोषी पकड़े गए हैं। जो आंकड़े यूपी सरकार बताती हैं, उसमें बेटियां असुरक्षित हैं। पार्टी और जाति देखकर भेदभाव हो रहा है।
उन्होंने कहा- अपनी बात को मनवाने के लिए झूठे मुकदमे भी लगाए जा रहे हैं। और विपक्ष को कमजोर करने को लगातार सरकार काम कर रही है। जो लोग विश्वगुरु बनना चाहते थे। भाजपा जो जुमले समय-समय पर बताती थी कि हम दुनिया की तीसर और चौथी अर्थव्यवस्था बनते जा रहे हैं। आज महंगाई, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
अखिलेश यादव के बयान…
जीएसटी से हमारा व्यापार बर्बाद हुआ
अखिलेश यादव ने कहा- सरकार ने कहा जीएसटी से हमारा व्यापार बढ़ेगा। लेकिन जीएसटी ने हमारे व्यापार को बर्बाद कर दिया। उलझा दिया। जो लाभ मिलना चाहिए था वो लाभ भी सरकार व्यापारियों को नहीं दे पा रही है।

अलीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते सपा प्रमुख अखिलेश यादव।
भारतीय जनता पार्टी का भरोसा तानाशाही का
अखिलेश यादव ने कहा- रामजी लाल सुमन ने जो कुछ बोला- उसके बाद राज्यसभा से उस रिकॉर्ड को हटा दिया गया। इसके बाद बात खत्म हो गई थी। लेकिन भाजपा का भरोसा तानाशाही पर है। हिटलर ने कभी चूपर्स बनाए थे। अपने पॉलिटिकल वर्कर्स को पुलिस की वर्दी पहना करके जो चाहता था वो करवाता था। ये जो सेनाएं दिखाई दे रही हैं मुख्यमंत्री के इशारे पर है। ये जो कुछ हो रहा है वो सब कुछ सरकार के इशारे पर हो रहा है।
इतिहास को इतिहास ही रहने देना चाहिए
संविधान ही हमारी ढाल है। इतिहास को इतिहास ही रहने देना चाहिए। अगर इतिहास हमें उलझाता है जो इतिहास को इतिहास रहने देना चाहिए। उन्होंने जियाउर्रहमान बर्क के सवाल पर कहा- सरकार के इशारे पर किसी को भी दोषी बनाया जा सकता है।
भाजपा का रास्ता नफरत भरा है
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा-भाजपा का जो रास्ता है वो नफरत भरा है। इनकी राजनीति नकारात्मक है। जब-जब इन्हें अपनी नाकामी छिपानी होती है तब ऐसा फैसला लेते हैं जिससे लोगों का ध्यान बंट जाए। कैसे समाज में खाई खोदें उस दिशा में काम करते हैं। लोकतंत्र को और संविधान को समय-समय पर नहीं मानते हैं। ये हमारा संविधान हमारी ढाल है। इसी संविधान पर भारतीय जनता पार्टी चोट पहुंचाती है।
आंधी बारिश में नुकसान की भरपाई को सरकार तैयार नहीं
सपा प्रमुख ने कहा- अभी जो बारिश-आंधी हुई है। उससे काफी नुकसान किसानों का हुआ है। उसकी भरपाई सरकार करने को तैयार नहीं है। इसलिए इस सरकार का जाना तय है। किसानों के गेहूं की सही कीमत नहीं मिल पा रही है। बड़ी-बड़ी कंपनियों को पीछे के रास्ते से गेहूं बिकवा रहे हैं।

सपा प्रमुख के अलीगढ़ एयरपोर्ट से आने के बाद विरोध में काले झंडे लेकर खड़े क्षत्रिय महासभा के कार्यकर्ता।