उत्तर प्रदेश : बरेली में जुमे पर ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद को लेकर 3 जगहों पर बवाल हो गया। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे भगदड़ मच गई।
दरअसल, मौलाना तौकीर रजा ने मुस्लिमों से शहर के इस्लामिया ग्राउंड में प्रदर्शन करने की अपील की थी। जुमे की नमाज के बाद भीड़ सड़क पर उतर आई और जबरन ग्राउंड में जाने की जिद पर अड़ गई।
पुलिस के मुताबिक, भीड़ को रोका गया। इस पर भीड़ ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। धार्मिक नारे लगाए और उग्र हो गए। पथराव शुरू कर दिया। छतों से भी पत्थर फेंके। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया।
बारादरी और प्रेमनगर क्षेत्र में भी बवाल हुआ है। पुलिस ने शहर में बाजार बंद कराए हैं। फिलहाल, पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा को हिरासत में ले लिया है। मौलाना तौकीर रजा इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष है। इन पर 2010 में बरेली में दंगा करवाने का भी आरोप है। मामला अभी कोर्ट में है।

तस्वीर इस्लामिया ग्राउंड की है। भीड़ प्रदर्शन करने के लिए अड़ी थी। पुलिस ने लाठी चार्ज किया।।

पुलिसवालों ने भीड़ को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

यह लाठीचार्ज के बाद की तस्वीर है। लोगों के जूते-चप्पल सड़क पर पड़े मिले।

लाठीचार्ज और पथराव में कई लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
I Love Muhammad विवाद कानपुर से शुरू
यह विवाद उत्तर प्रदेश के कानपुर से शुरू हुआ। बारावफात (ईद मिलाद-उन्नबी) के जुलूस के दौरान एक समूह ने I Love Muhammad लिखा एक बैनर/लाइटबोर्ड जुलूस मार्ग पर लगाया। स्थानीय हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया।
पुलिस ने बैनर हटाए गए और 9 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की। 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। बाद में यह विवाद बढ़ गया और कई अन्य शहरों व राज्यों में ‘I Love Muhammad’ के समर्थन में रैलियां, बैनर और पोस्टर लगे। हिंदू समुदाय ने इसके जवाब में “I Love Mahadev/Mahakaal” जैसे बैनर लगाए।
बरेली के तीन इलाकों में बवाल
बरेली के तीन थाना क्षेत्रों सदर कोतवाली, प्रेमनगर, बारादरी में बवाल हो रहा है। इन तीनों क्षेत्रों में पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया। सड़कों पर पुलिस तैनात है। इस बीच भी लोग छतों और खिड़कियों से पुलिस पर पथराव कर रहे हैं। बवाल बढ़ने पर बरेली के अलावा शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर से भी पुलिस फोर्स पहुंची है।
बरेली की सड़कों पर इस समय लगातार डीएम अविनाश सिंह, एडीजी जोन रमित शर्मा, डीआईजी अजय साहनी, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नार्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अजमल गश्त कर रहे हैं।
तौकीर रजा ने कहा था- भारत के मुसलमान सड़कों पर उतरे तो कौन जिम्मेदार होगा?

मौलाना तौकीर रजा ने कहा था- अगर मुसलमानों के साथ हो रहे अन्याय नहीं रुके तो मुसलमान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। हमारी खामोशी को हमारी कमजोरी या बुजदिली न समझा जाए। जिस दिन मुसलमान हमारे नियंत्रण से बाहर हो गए, हालात गंभीर हो जाएंगे।
हम भारत को श्रीलंका और नेपाल नहीं बनने देंगे। लेकिन नेपाल से ज्यादा आक्रोश भारत की जनता में सरकार के प्रति है, जिस दिन लोग सड़कों पर आ गए सरकार संभाल नहीं पाएगी। इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा?

