- बोला- चुनाव ड्यूटी पर जा रहा हूं, घर से 100 मीटर दूर सर्विस रायफल से मार ली गोली
चित्रकूट : चित्रकूट में एक सिपाही ने अपनी सरकारी रायफल से गोली मारकर जान दे दी। 1 घंटे पहले उसकी पत्नी ने भी घरेलू कलह के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर थी। वारदात के समय सिपाही घर आया हुआ था। एक घंटे बाद पिता से चुनाव में ड्यूटी की बात कहकर घर से निकल गया।
बताया जा रहा है कि घटना के एक घंटे पहले ही सिपाही की पत्नी ने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद बदहवास सिपाही मयंक ने परिजनों से चुनाव ड्यूटी में जाने की बात कह कर सरकारी रायफल लेकर घर से बाहर निकल कर रास्ते में घर से कुछ दूरी पर दाढ़ी में रायफल लगाकर फायर कर दिया। इससे सिपाही की भी मौके पर मौत हो गयी है।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बिजनौर से प्रथम चरण के चुनाव की ड्यूटी करने के बाद मृतक आरक्षी बीती 21 अप्रैल को अपने गांव देवकली आया था। आज उसको दूसरे चरण के मतदान के लिए नोएडा निकलना था। अर्धरात्रि को हुई इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है। घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ए के सिंह ने कहा कि आगे की कार्यवाही फील्ड यूनिट की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। पति पत्नी दोनों के शवो का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है।

