नोएडा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार दोपहर 12.30 बजे यूपी के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया। यह अभी भारत का सबसे बड़ा और एशिया का दूसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। 4 फेज पूरे होने पर यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट हो जाएगा।
फर्स्ट फेज में 3300 एकड़ में टर्मिनल और रनवे बनाया गया है। एक रनवे के साथ इस टर्मिनल की सालाना क्षमता 3 करोड़ पैसेंजर संभालने की होगी। इसकी लागत करीब 11 हजार करोड़ है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 52 स्क्वायर किमी में बनना प्रस्तावित है। अभी चीन का बीजिंग डेक्सिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट एशिया में सबसे बड़ा है। इसका एरिया 47 स्क्वायर किमी है।
हालांकि, पूरा बनने की डेडलाइन 2040 है। नोएडा एयरपोर्ट अथॉरिटी से जुड़े अफसरों ने बताया- एयरपोर्ट से फ्लाइट मई से शुरू हो सकती है। एयरपोर्ट की सबसे बड़ी खूबी यह है कि एंट्री के बाद 20 मिनट से कम समय में बोर्डिंग संभव है।

पीएम मोदी ने नोएडा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम योगी साथ मौजूद रहे।

मंच पर पीएम मोदी ने सीएम योगी के साथ लंबी बातचीत की।

एयरपोर्ट का मुख्य उद्देश्य दिल्ली एयरपोर्ट पर बढ़ते यात्री और फ्लाइट दबाव को कम करना है।

तस्वीर एयरपोर्ट के चेक-इन एरिया की है। अभी तीन कंपनियों से करार हुआ है।
पीएम मोदी बोले- 2014 से पहले देश में 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 हैं
- पीएम मोदी ने कहा- किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक संचालन की सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को उड़ान देते हैं। 74 एयरपोर्ट 2014 से पहले देश में थे। आज 160 एयरपोर्ट हैं। आज महानगरों के साथ छोटे शहरों में हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकार मानती थी कि हवाई यात्रा अमीरों के लिए ही होनी चाहिए। लेकिन, भाजपा की सरकार ने सामान्य लोगों के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।
- उन्होंने कहा कि यूपी में तेजी से हवाई एयरपोर्ट की संख्या 17 कर दी है। भाजपा सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि एयरपोर्ट भी रहे और किराया-भाड़ा भी सामान्य परिवारों की पहुंच में रहे। इस कारण उड़ान योजना शुरू की। इसकी वजह से 1.60 करोड़ लोगों ने सस्ती दरों पर यात्रा की। हाल ही में उड़ान योजना को और विस्तार दिया गया है। इसके लिए 29000 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इससे छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड बनाने की योजना है। यूपी को इससे बहुत बड़ा लाभ मिलेगा।
इथेनॉल से कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई, किसानों को फायदा हुआ: मोदी
पीएम ने कहा कि यहां के किसानों का उत्पाद दुनिया के बाजारों में जा सकेगा। आपके गन्ने से इथेनॉल बनाया गया है। उससे कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई है। इथेनॉल का उत्पादन न बढ़ता तो देश को हर वर्ष लगभग 700 करोड़ लीटर कच्चा तेल विदेशों से मंगवाना पड़ता। किसानों के परिश्रम ने देश को संकट के समय में इतनी बड़ी राहत दी है। इथेनॉल से देश के साथ किसानों को फायदा हुआ है। डेढ़ लाख करोड़ की विदेशी मुद्रा बची है। देश के किसानों को ये पैसा मिला है।
उन्होंने कहा कि यहां के गन्ना किसानों ने तो पहले के दिन भी देखे हैं, जब कई सालों तक गन्ने का बकाया लटका रहता था। आज भाजपा की डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से गन्ना किसानों की स्थिति बेहतर हुई है।
पीएम बोले- नोएडा को अंधविश्वास के कारण नजरअंदाज किया गया, मुझे भी डराया गया
उन्होंने कहा कि इस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। कुर्सी जाने के डर से सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। मुझे याद है शुरूआत में सपा की सरकार थी। मुझे आने का मौका मिला तो यहां के पुराने सीएम डर की वजह से नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई कि अभी-अभी पीएम बने हैं। लेकिन, मैं इस पवित्र धरती का आशीर्वाद लेने आया। आज मैं इस क्षेत्र के किसानों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपनी जमीनें दी हैं। उनके लिए जोरदार ताली बजाएं।

