गोरखपुर : शारदीय नवरात्रि की आज महानवमी है। CM योगी ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया। योगी ने 9 कन्याओं और 1 बटुक को चुनरी ओढ़ाई। उनके पांव धोकर आशीर्वाद लिया। योगी खुद कन्याओं और बटुक को परोसकर भोजन करा रहे हैं। उन्हें दक्षिणा देकर विदा करेंगे।
आज महानवमी पर वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या समेत यूपी के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ है। लखनऊ में इस बार दुर्गा पूजा पंडालों में अलग-अलग थीम आकर्षण का केंद्र बनी हैं। एक पंडाल में महिषासुरमर्दिनी मां दुर्गा को विशेष रूप से ‘अमेरिकन टैरिफ’ का वध करते हुए दिखाया गया है, जिसे एक राक्षस के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस अनोखी झांकी को देखने के लिए श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ जुट रही है।
लखनऊ में महिषासुरमर्दिनी ने ‘अमेरिकन टैरिफ’ का वध किया
लखनऊ में इस बार दुर्गा पूजा पंडालों में अलग-अलग थीम आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। एक पंडाल में महिषासुरमर्दिनी मां दुर्गा को विशेष रूप से ‘अमेरिकन टैरिफ’ का वध करते हुए दिखाया गया है, जिसे एक राक्षस के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस अनोखी झांकी को देखने के लिए श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ जुट रही है, जहां धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक-आर्थिक संदेश भी देने की कोशिश की गई है।
दशहरा पर CM की अगुवाई में निकलेगी विजयदशमी शोभायात्रा

महानवमी के अगले दिन गुरुवार 2 अक्टूबर को गोरक्षपीठ में विजयदशमी पर्व पर नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा निभाई जाएगी। दिनभर अनुष्ठान का क्रम जारी रहेगा और शाम को गोरक्षपीठाधीश्वर और CM योगी की अगुवाई में भव्य पारंपरिक विजयदशमी शोभायात्रा निकाली जाएगी। शारदीय नवरात्रि पर गोरक्षपीठ में शक्ति उपासना विशिष्ट होती है।
2 अक्टूबर को विजयदशमी पर गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ सुबह 9.20 बजे से गुरु गोरखनाथ का विशिष्ट पूजन करेंगे। इसके बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित समस्त देव विग्रहों का पूजन गोरक्षपीठाधीश्वर द्वारा किया जाएगा। दोपहर 1 से 3 बजे तक गोरक्षपीठाधीश्वर का तिलकोत्सव कार्यक्रम मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे।
शाम 4 बजे से निकलेगी शोभायात्रा

गुरुवार शाम 4 बजे से गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। पीठाधीश्वर, गुरु गोरक्षनाथ का आशीर्वाद लेकर अपने रथ पर सवार होंगे। तुरही, नगाड़े व बैंड बाजे की धुन के बीच गोरक्षपीठाधीश्वर की शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी। यहां पहुंचकर गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ से जुड़े मानसरोवर मंदिर पर देवाधिदेव महादेव व अन्य देव विग्रहों की पूजा-अर्चना, अभिषेक करेंगे।
योगी रामलीला में प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे

मानसरोवर मंदिर से शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां चल रही रामलीला में मुख्यमंत्री प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे। इसके साथ ही प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्षमण और हनुमान का पूजन कर आरती उतारेंगे। रामलीला मैदान से शोभायात्रा पुनः गोरखनाथ मंदिर पहुंचेगी और सायंकाल सात बजे से दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने परिसर में पारंपरिक प्रसाद का वितरण होगा। इस भोज में अमीर-गरीब और जाति-मजहब के विभेद से परे बड़ी संख्या में सर्वसमाज के लोग शामिल होते हैं।

