गोरखपुर : गोरखपुर में CM योगी गोरखनाथ मंदिर परिसर के हिंदू सेवाश्रम भवन पर भाजपा का झंडा फहराया। इसके बाद भाजपा के झंडे के साथ सेल्फी ली और सभी को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा- भाजपा की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है। सोमवार को रामलीला मैदान में भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में पहुंचे।
वहीं कार्यक्रम से पहले गोरखनाथ मंदिर में सुबह सीएम योगी ने जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। कई लोग अपने परिवार के इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर वहां पहुंचे थे। CM ने कहा कि इस्टीमेट बनवाएं इलाज के खर्च में सरकार भरपूर मदद करेगी।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।
जनता दर्शन में एक बिटिया ने कमजोर पारिवारिक आर्थिक स्थिति का जिक्र कर पढ़ाई के लिए फीस जमा करने में आ रही बाधा की बात मुख्यमंत्री को बताई। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिटिया की स्कूली फीस की व्यवस्था की जाए।

भाजपा के कार्यक्रम में क्षेत्र से लेकर महानगर तक के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाए।

फरियादियों के साथ आए बच्चों को सीएम ने चॉकलेट देकर दुलारा।
सांसद रवि किशन बोले- विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है भाजपा
सांसद रविकिशन ने जब संबोधन शुरू किया तो कालीबाड़ी के महंत रवींद्र दास पर टिप्पणी करते हुए रुक गए, बोले- नाही हो महाराज जी, नाही बोलब, नाही त वायरल हो जाब। ई स्थापना दिवस है। यह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। न प्रधानमंत्री पर न महाराज जी पर कोई आरोप नहीं है। यह होती है पार्टी, तब बनता है भारत। पहले हमें डराते थे कि पाकिस्तान मारेगा, चीन मारेगा। हम डर-डर के बड़े हुए। सब देश में तेल बंद है लेकिन हमारे देश में आ रहा है। यह संबंधों के कारण है। जो-जो भाजपा के घोषणा पत्र में था, वो सब मिल रहा है।
पत्रकारों की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाएंगे
सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेसक्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाएंगे। यह कार्यक्रम गोरखपुर क्लब में सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लगभग एक घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सीएम का संबोधन भी होगा।
दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में लैब का लोकार्पण करेंगे
दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में सीएम पहुंचेंगे और यहां बनाए गए लैब का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में सीएम छात्र-छात्राओं को संबोधित भी कर सकते हैं। उसके बाद गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। वहां से आजमगढ़ के लिए रवाना होंगे।

