Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

योगी का नए साल पर पहला जनता दर्शन:CM के सामने रो पड़ी महिला, योगी ने पूछा-कार्रवाई नहीं हुई क्या ?

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नए साल के पहले जनता दर्शन में गोरखनाथ मंदिर पहुंचे 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने समाधान का भरोसा दिया। सबको आश्वस्त किया कि किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होगी।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि हर पीड़ित की समस्या पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। जनता दर्शन के दौरान कई महिलाएं अपनी फरियाद सुनाते हुए रो पड़ीं। एक महिला ने कहा-ससुराल वाले परेशान कर रहे हैं। इस पर योगी ने पूछा-कार्रवाई नहीं हुई क्या? इसके बाद उसका प्रार्थना पत्र लेकर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए।

जनता दर्शन में अयोध्या, गोंडा, संतकबीर नगर, बलिया, देवरिया और महाराजगंज के ज्यादातर फरियादी पहुंचे थे। इस बार जनता दर्शन का आयोजन मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक फरियादी से मिले।

पहले 3 तस्वीरे देखिए…

जनता दर्शन में पहुंची महिलाओं की शिकायत सुनते मुख्यमंत्री।

जनता दर्शन में पहुंची महिलाओं की शिकायत सुनते मुख्यमंत्री।

सीएम योगी ने महिलाओं की बात सुनी और मदद का आश्वासन दिया।

सीएम योगी ने महिलाओं की बात सुनी और मदद का आश्वासन दिया।

महिलाओं से शिकायती पत्र लेते सीएम योगी।

महिलाओं से शिकायती पत्र लेते सीएम योगी।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे कई

मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। यदि कोई किसी की भूमि पर जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसे कानून सम्मत सबक सिखाया जाए।

जनता दर्शन में पहुंची महिलाएं।

जनता दर्शन में पहुंची महिलाएं।

गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा

गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुक्रवार सुबह दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है।

शुक्रवार सुबह भी वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए गोवंश को उनके नामों से पुकारा। उनकी आवाज इन गोवंश के लिए जानी पहचानी है।

गोरखनाथ मंदिर में यज्ञ करते सीएम योगी।

गोरखनाथ मंदिर में यज्ञ करते सीएम योगी।

प्यार भरी पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते-मचलते हुए उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से सभी गोवंश के स्वास्थ्य व पोषण की जानकारी ली और ठंड के मौसम में विशेष देखभाल के लिए जरूरी निर्देश दिए।

मंदिर में रुद्राभिषेक करते सीएम योगी।

मंदिर में रुद्राभिषेक करते सीएम योगी।

रुद्राभिषेक कर सीएम योगी ने की राष्ट्र कल्याण की कामना

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार प्रातः बेला में गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से राष्ट्र कल्याण और सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। पौष माह की शुक्ल पक्ष चतुर्थी (विनायक चतुर्थी) के मान में हुए रुद्राभिषेक अनुष्ठान की पूर्णता सीएम योगी ने हवन करके की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *