महोबा : महोबा में जलशक्ति मंत्री को बंधक बनाने के बाद चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया को भाजपा ने नोटिस भेजा है। इसके बाद विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत भी बेटे के समर्थन में उतर आए हैं।
गंगाचरण राजपूत ने कहा-

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अनुशासनहीनता की है। मेरे बेटे ने जो कहा, वह जनता का दर्द था। इसे जानबूझकर हवा दी गई। मंत्री को मेरे बेटे की पीठ थपथपानी चाहिए। मंत्री चापलूसों से घिरे हैं। अफसर उन्हें जो दिखाते हैं, वो वही देखते हैं।मंत्री को बेटे के बताने के बाद मौके पर जाना चाहिए था। गांवों की हकीकत देखनी चाहिए थी।
विधायक ने 100 प्रधानों के साथ रोका था रास्ता
30 जनवरी को महोबा जिले में भाजपा विधायक और मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बीच टकराव हुआ था। विधायक ने 100 से अधिक प्रधानों के साथ मंत्री का काफिला रोक लिया था। आरोप लगाया था कि सड़कें खोद कर रख दी गई हैं। काम नहीं हो रहा। इसके बाद मंत्री और विधायक के बीच जमकर नोकझोंक हुई थी। करीब 30 मिनट बाद हंगामा शांत हुआ था।

तस्वीरें 30 जनवरी की हैं। भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को रास्ते में रोक लिया था। समर्थकों और सीओ सिटी के बीच झड़प भी हुई थी।

मंत्री और विधायक एक गाड़ी में बैठे थे। इस दौरान दोनों के बीच बहस होती रही।
पूर्व सांसद ने क्या कहा, वो पढ़िए
पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने कहा- अधिकारी जमीनी हकीकत को छिपाकर गलत रिपोर्ट पेश करते हैं। लेकिन, विधायक जनता के बीच रहता है। उसे ही चुनाव में जनता का सामना करना है। इसलिए मंत्री को बेटे की बात मानकर मौके जाकर जमीनी हकीकत देखनी चाहिए थी।

