मथुरा : 25 सितंबर को मथुरा-वृंदावन दौरे पर आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और DGP राजीव कृष्ण मंगलवार को मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। DGP ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के आदेश दिए।
अपर मुख्य सचिव और DGP ने मथुरा दौरे की शुरुआत श्री कृष्ण जन्मस्थान से की। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया। बताया गया कि राष्ट्रपति श्री कृष्ण जन्मस्थान दर्शन के लिए आएंगी, इसलिए सुरक्षा के हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक और निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राष्ट्रपति दौरे के दौरान किसी भी स्थिति में ढील न बरती जाए। सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि दौरे के दौरान कोई व्यवधान न हो। DGP और अपर मुख्य सचिव ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और पुलिस बल मिलकर पूर्ण सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करेंगे।

कृष्ण कुबजा मंदिर में दर्शन करते हुए DCP राजीव कृष्ण और ACS दीपक कुमार

श्री कृष्ण जन्मस्थान का निरीक्षण करते डीजीपी और ACS


राष्ट्रपति के दौरे के लिए पूरी सुरक्षा का लिया जायजा
DGP राजीव कृष्ण कुमार ने कहा-25 तारीख को यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन है। इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मैं और अपर मुख्य सचिव स्वयं यहां पहुंचे हैं। हर उस जगह का निरीक्षण किया गया, जहां राष्ट्रपति महोदया का दौरा होना है।
सभी मंदिरों और अन्य संबंधित स्थानों पर सुरक्षा का जायजा लिया गया है। व्यवस्था पूरी तरह से सुरक्षित और तैयार है। जो मानक हैं, उनके हिसाब से सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम जनता और राष्ट्रपति के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कार्यक्रम के लिए पूरी तरह से सुरक्षित व्यवस्था कराई जा रही है।

