Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

पीईटी परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा:मथुरा में बायोमैट्रिक जांच से खुली पोल, दोस्त की जगह परीक्षा देने पहुंचा उन्नाव का युवक

मथुरा : मथुरा में शनिवार को आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होने के बावजूद साल्वर परीक्षा केंद्र पर घुसने में सफल हो गया। मामला महोली रोड स्थित रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल का है,जहां दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होनी थी। इसी दौरान परीक्षा में शामिल होने आए एक अभ्यर्थी के स्थान पर उसका दोस्त परीक्षा देने पहुंचा,लेकिन बायोमैट्रिक जांच में मामला खुल गया।

आरोपी उन्नाव जिले के थाना बिहार के गांव अकवाड़ा निवासी अभ्यर्थी अखिलेश की जगह उसी गांव का नीतेश परीक्षा देने पहुंचा था। प्रवेश द्वार पर दस्तावेज जांच के समय गड़बड़ी पकड़ में नहीं आई। पहचान पत्र और प्रवेश पत्र में चेहरे की समानता पूरी तरह मेल न खाने पर जब बायोमैट्रिक जांच की गई तो मामला सामने आया। रेटिना स्कैन में भी मिलान न होने से धोखाधड़ी की पुष्टि हो गई।

केंद्र व्यवस्थापक ने पुलिस को सौंपा

जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद केंद्र व्यवस्थापक ने तुरंत आरोपी को परीक्षा कक्ष से बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में नीतेश ने स्वीकार किया कि वह अपने दोस्त अखिलेश की जगह पैसे लेकर परीक्षा देने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी

थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि साल्वर नीतेश और अभ्यर्थी अखिलेश दोनों पर केस दर्ज किया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसी गांव या आसपास के अन्य युवक भी किसी अन्य की जगह परीक्षा देने तो नहीं पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए साल्वर से और अधिक पूछताछ की जा रही है।

सख्त सुरक्षा के बावजूद लापरवाही

पीईटी परीक्षा में इस तरह की गड़बड़ी सामने आने से परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि प्रशासन और पुलिस का दावा है कि सुरक्षा जांच के सख्त इंतजाम किए गए थे और बायोमैट्रिक व रेटिना मिलान की वजह से ही मामला पकड़ में आ सका। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *