Breaking
Mon. Feb 16th, 2026

मथुरा में इंडियन ऑयल की रिफाइनरी में ब्लास्ट:मैनेजर समेत 12 झुलसे, धमाका 1 km तक सुनाई दिया; 40 दिन बाद चलाया था प्लांट

मथुरा : मथुरा में बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार देर शाम इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की रिफाइनरी में ब्लास्ट हो गया। धमाके की गूंज 1 Km दूर तक सुनाई दी। आग की चपेट में आकर 12 लोग झुलसे हैं। प्लांट वालों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। ICU में इलाज चल रहा है। किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हादसे का CM योगी ने संज्ञान लिया है। अफसरों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समय पर अच्छा इलाज कराएं। उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो।

40 दिन के शटडाउन के बाद प्लांट शुरू होते ही हादसा

मंगलवार देर शाम करीब साढ़े 8 बजे मथुरा के रिफाइनरी प्लांट में बड़ा ब्लास्ट हुआ। इस रिफाइनरी के ABU प्लांट को 40 दिन से शट डाउन रखा गया था। सब कुछ फाइनल होने के बाद इसको दोबारा चालू किया गया। अनुमान है कि इसमें लीकेज रह गया। फर्नेस फटने से ब्लास्ट हो गया।

जिसके बाद प्लांट में आग लग गई। इसके कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि प्लांट में काम चल रहा था।

हादसे में करीब 12 लोग घायल हो गए। घायलों में प्रोडक्शन मैनेजर राजीव भी शामिल हैं। कुछ घायलों को दिल्ली रेफर किया गया है। इस ब्लास्ट के कारणों की छानबीन की जा रही है।

2 तस्वीर देखिए…

यह ब्लास्ट के दौरान की तस्वीर है। धमाके के बाद प्लांट में आग लग गई।

यह ब्लास्ट के दौरान की तस्वीर है। धमाके के बाद प्लांट में आग लग गई।

घायल ICU में एडमिट किए गए हैं। बाहर उनके परिवार के लोगों मिलने के इंतजार में खड़े दिखे।

घायल ICU में एडमिट किए गए हैं। बाहर उनके परिवार के लोगों मिलने के इंतजार में खड़े दिखे।

विस्फोट की आवाज से डर गए लोग

प्लांट में हुआ धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल गया और धमाके की आवाज से आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं।

हॉस्पिटल प्रबंधन के मुताबिक, देर रात इरफान अहमद को दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल रेफर किया गया है। वह बुरी तरह से झुलस गए हैं। उनके परिजन भी एंबुलेंस के साथ दिल्ली भेजे गए हैं।

अस्पताल पहुंचे घायल अजय के भाई पुष्पराज ने कहा – हमें हादसे के बारे में बताया गया। अंदर जाने नहीं दिया गया है। हादसा कैसे हुआ, कब हुआ? इस बारे में कुछ पता नहीं है।

फिलहाल, हादसे को लेकर हर कोई जानना चाहता है, मगर रिफाइनरी की तरफ जो लोग अस्पताल में मौजूद हैं, वह हादसे को लेकर बात करने से मना कर रहे हैं।

आग कैसे लगी, इसकी जांच शुरू हुई

रिफाइनरी की ओर से बुधवार को प्रेसनोट जारी किया गया। इसमें लिखा- आग से गंभीर रूप से झुलसे तीन को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा देखभाल मिल रही है। सभी घायल व्यक्तियों की हालत स्थिर है और उनकी रिकवरी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। संयंत्र और मशीनरी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। आग के कारणों की जांच की जा रही है।

PRO ने कहा- स्थिति नियंत्रण में

मथुरा रिफाइनरी की जनसंपर्क अधिकारी रेणु पाठक ने कहा- रिफाइनरी को शट डाउन के बाद दोबारा चलाना होता है। इस दौरान मदर यूनिट में एक छोटा ब्लास्ट हुआ। इस यूनिट को ABU कहते हैं। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित है। 2 लोग 50% से कम झुलसे हैं। 2 लोग 20% झुलसे हैं। 3 लोगों को अपोलो भेजा गया है। 5 लोगों को हमारी यूनिट के अंदर बने हॉस्पिटल में रखा गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *