मथुरा : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सर संघ चालक मोहन भागवत मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने संत महांडलेश्वर यतींद्रानंद गिरी के नव निर्मित आश्रम जीवनदीप का लोकार्पण किया।
इस दौरान मंच पर संघ प्रमुख के अलावा जूना अखाड़ा के अवधेशानंद गिरी, साध्वी ऋतम्भरा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बिहार के राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान, तथा कई संत और राजनेता मौजूद रहे।
संत दीक्षा लेने से पहले महांडलेश्वर यतींद्रानंद गिरी RSS के प्रचारक रहे हैं। उन्होंने वृंदावन के रूक्मणी बिहार इलाके में 24 कमरे वाला आश्रम बनाया है। इस आश्रम में आध्यात्मिक और वैदिक शिक्षा दी जाएगी। यह जीवनदीप आश्रम उनका पांचवां आश्रम है, जिसका निर्माण उन्होंने स्वयं कराया है।

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने नव निर्मित आश्रम जीवनदीप का लोकार्पण किया।

RSS प्रमुख ने संतो को गमछा भेंट किया और पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

लोकार्पण के बाद बच्चियों ने झांकियां प्रस्तुत कीं।
मोहन यादव ने कुंभ मेले में सभी संतो को किया आमंत्रित
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संतों को 2028 में होने वाले कुंभ सिंहस्थ कुंभ मेले में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा- मेले के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तरह से पूरा किया जा रहा है।
मोहम्मद आरिफ खान बोले- भारत की परंपरा ज्ञान की संस्कृति
कार्यक्रम में शामिल बिहार के राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान ने कहा- श्रीमद्भागवत गीता में कहा गया है कि जब भक्त एकत्रित होते हैं और संतों की मौजूदगी में चिंतन करते हैं, तो वे मेरे ही चिंतन और बोध का अनुभव करते हैं। भारत की संस्कृति और परंपरा ज्ञान की संस्कृति है। ज्ञान को संरक्षित करने का श्रेय संतों को जाता है। यह आश्रम भी ज्ञान के संरक्षण और संवर्धन का एक बड़ा केंद्र बनेगा।

