लखनऊ : लखनऊ में बुधवार को बीजेपी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी से मिलने पहुंचे। इस दौरान पंकज चौधरी ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि “चुनाव आने वाला है और सभी को काम मिलेगा, हर किसी के लिए काम है।”
एक कार्यकर्ता ने उन्हें भगवा गमछा पहनाकर अभिनंदन किया। इस पर उन्होंने कहा, “इसमें पैसा क्यों खर्च किया? डेढ़-दो सौ रुपए जो खर्च किए, वह तुम्हारे काम आते।”
वहीं, एक अन्य कार्यकर्ता ने उन्हें बुलडोजर की रेप्लिका (प्रतीक) भेंट की। जिसे देखकर पंकज चौधरी मुस्कुरा उठे और बोले, “पूरा बुलडोजर ही उठा लाए हो।” पंकज चौधरी से मिलने बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंची थीं।
दरअसल, भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की कवायद शुरू हो चुकी है। शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अपनी नई टीम बनाने में जुट गए हैं। नई टीम में जगह पाने के लिए प्रदेशभर से नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। अपना दावा मजबूत करने के लिए अधिकतर कार्यकर्ता बायोडेटा भी सौंप रहे हैं।
उधर, मंगलवार देर रात को भाजपा ने 200 मंडल अध्यक्षों और जिला प्रतिनिधियों के नामों की सूची जारी की है। बुधवार को 14 जिलाध्यक्षों की लिस्ट भी सामने आ सकती है।

पंकज चौधरी से मुलाकात करने एक कार्यकर्ता बुलडोजर की रेप्लिका लेकर पहुंचा।

प्रदेश अध्यक्ष से मिल रहे कार्यकर्ता नई कार्यकारिणी में जगह बनाने के लिए दावेदारी भी जता रहे।

बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी उनसे मिलीं और अपना बायोडेटा जमाकर नई कार्यकारिणी के लिए दावा किया।

प्रदेश अध्यक्ष से मिलने पहुंचा एक कार्यकर्ता अपने कार्यों की क्लिपिंग वाली बुकलेट लेकर पहुंचा।
महिला कार्यकर्ता भी पद मांगने पहुंचीं
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मिलने बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी पहुंचीं। उन्होंने भी मुलाकात कर नई कार्यकारिणी के लिए अपना दावा किया। कई महिला कार्यकर्ताओं ने अपना बायोडेटा भी उनको सौंपा।
कार्यकर्ता अपना बायोडेटा भी सौंप रहे
नए प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात करने पहुंचे कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करने के बाद जिला से लेकर प्रदेश कार्यकारिणी में जगह पाने के लिए अपना दावा करते हुए बायोडेटा भी सौंप रहे।

गमछा पहनाकर अभिनंदन करने के बाद कार्यकर्ता ने अपना बायोडेटा भी दिया।
जो भी पहुंचा उससे मिले नए प्रदेश अध्यक्ष
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए सुबह 10 से 12 बजे तक का समय निर्धारित किया था। लेकिन दूर-दराज के जिलों से कार्यकर्ता काफी देर तक कार्यालय पहुंचते रहे। पंकज चौधरी ने निर्धारित समय-सीमा के बाद भी आए सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी एक-एक बात सुनी। प्रदेश सरकार के मंत्री जसवंत सैनी ने मिलकर शादी का कार्ड दिया।
कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया, सबको मिलेगा काम
पंकज चौधरी ने पद और काम मांगने वाले कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी का काम करते रहो, संगठन से जो काम दिए जा रहे हैं उन्हें नीचे तक पहुंचाओ। पार्टी में आगे काम के आधार पर ही आपके बारे में निर्णय किया जाएगा। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- चुनाव आने वाले हैं। सबके लिए काम है।
घोषित किए दो सौ मंडल अध्यक्ष
भाजपा ने 1918 संगठनात्मक मंडलों में से शेष रहे करीब दो सौ मंडलों में भी जिलाध्यक्ष घोषित कर दिए हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की।

