Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

यूपी में 10 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठिठुरन:न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे रह सकता है, जानिए

लखनऊ : यूपी में 10 दिसंबर के बाद पारा तेजी से गिरेगा। पश्चिमी यूपी से लेकर तराई क्षेत्र तक धुंध और ठंड बढ़ेगी। महीने के आखिरी 10 दिन सबसे ठंडे रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार दिसंबर में ठंड देर से शुरू होगी। लेकिन, महीने के आखिरी में अपना असर जरूर दिखाएगी।

यूपी में फिलहाल मौसम कैसा है? किस साल सबसे ज्यादा ठंड पड़ी थी? इस बार दिसंबर में न्यूनतम तापमान कितना रह सकता है? खेती-किसानी पर इसका क्या असर पड़ेगा?

पहले जानिए पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम

यूपी में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। लेकिन, कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। बलिया 8°C न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। नोएडा-गाजियाबाद की हवा एक बार जहरीले स्तर पर पहुंच गई। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ धूप ने लोगों को राहत दी।

अंतिम सप्ताह में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

यूपी के ज्यादातर जिलों में दिसंबर की शुरुआत में दिन का तापमान सामान्य के करीब रहेगा। रात में हल्की ठंड महसूस होगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में खास गिरावट नहीं दिखेगी। हालांकि, 10 दिसंबर के बाद ठंड बढ़नी शुरू होगी। सुबह-शाम की हवाएं सर्द होंगी। पश्चिमी और तराई क्षेत्रों में धुंध की हल्की परत दिख सकती है। दिसंबर के आखिरी 10 दिन सबसे ठंडे रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे जा सकता है। पश्चिमी यूपी, लखनऊ, मेरठ, बरेली और गोरखपुर मंडल में घने कोहरे से यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

क्या होता है अधिकतम और न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी का औसत दैनिक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। गर्मियों में अधिकतम औसत तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच जाता है। वहीं, ठंड में अधिकतम औसत तापमान 20 से 25 या 26 डिग्री सेल्सियस तक रहता है।

ठंड में औसत न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है। यहां ध्यान रखना जरूरी है कि पूरे भारत का भूगोल एक जैसा नहीं। इस वजह से तापमान को लेकर भी अलग-अलग कैटेगरी हैं। पूरे देश की बात करें, तो सामान्य तापमान -2°C से 40°C के बीच होता है।

क्या कहते है बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव बताते हैं कि दिसंबर में ठंड अपने चरम की तरफ बढ़ती जाएगी। कोहरा बढ़ने से तापमान और नीचे जाएगा, कई दिनों तक धूप भी कमजोर रहेगी। रातें लंबी और ठंडी होंगी। दिन बढ़ने के साथ ठंड और बढ़ती जाएगी।

दिसंबर में महसूस होगी अच्छी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिसंबर में पश्चिमी और सेंट्रल यूपी में ठंड काफी बढ़ सकती है। जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, पूर्वी यूपी में यह तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहेगा। इसके 10 डिग्री से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। नवंबर में प्रदेश का औसत तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसे सामान्य माना जाएगा।

हालांकि, अगर इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया, तो उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी या ओस जैसी स्थितियां हो सकती हैं। इसका असर प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों पर भी पड़ेगा, जहां कुछ दिनों के लिए सीवियर कोल्ड जैसा हो सकता है।

इस स्थिति में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट दर्ज हो सकती है। लेकिन, यह गिरावट सामान्यतः 0.5 डिग्री सेल्सियस से 1 डिग्री सेल्सियस तक ही सीमित रहेगी। यानी दिसंबर में हल्की से मध्यम ठंड बढ़ेगी, लेकिन कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना फिलहाल कम है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *