उत्तर प्रदेश : यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) पीईटी-2025 की परीक्षा शुरू हो गई। कड़ी चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। लखनऊ में महिला अभ्यर्थियों से बुर्के की क्लिप, हाथरस में कान की बाली उतरवाई गई और मेरठ में कलावा कटवाया गया।
एग्जाम सेंटर में मेटल डिटेक्टर से चेकिंग और आईकार्ड मिलान के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस और स्मार्ट वॉच लाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। अभ्यर्थियों को केवल ब्लैक या ब्लू बॉल पेन ही साथ लाने की अनुमति है।
इससे पहले रेलवे स्टेशनों पर अभ्यर्थियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर इतने अभ्यर्थी पहुंचे कि पैर रखने की जगह तक नहीं बची। 1479 सेंटरों पर आज और कल चार पालियों में परीक्षा होगी। हर पाली में 120 मिनट का समय मिलेगा। इसमें 25.31 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।

यह तस्वीर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन की है। यहां इतने अभ्यर्थी पहुंचे कि पैर रखने की जगह तक नहीं बची
PET परीक्षा के अंक 3 साल तक मान्य रहेंगे। मतलब, 3 साल तक आयोग द्वारा निकाले गए नियुक्तियों के विज्ञापन पर आवेदन कर सकेंगे। पीईटी समूह “ग” की भर्तियों के लिए पहली सीढ़ी मानी जाती है। इस परीक्षा के स्कोर के आधार पर ही आगे की नियुक्तियों के लिए आवेदन किया जा सकता है।
परीक्षा में अगर किसी अभ्यर्थी को शून्य या नेगेटिव अंक मिलते हैं, तो वह क्वालिफाई नहीं माना जाएगा। 1 अंक से ज्यादा पाने वाले सभी क्वालिफाई माने जाते हैं। मगर मौका उन्हीं को मिलता है, जिनके अंक सबसे अधिक होते हैं।
आगरा में 96 हजार अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
आगरा में यूपी पेट की परीक्षा के लिए 51 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 96000 के करीब छात्र शामिल हो रहे हैं। आगरा कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों से छात्र पहुंचे हैं। छात्र फुटपाथ पर बैठकर परीक्षा का इंतजार करते नजर आए।
प्रयागराज में 96 हजार अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
प्रयागराज में 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 96,480 परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा 3 बजे से शुरू होकर 5 बजे तक चलेगी।
सीतापुर में कलावा कटवाया, राखियां भी उतरवाई
लखनऊ में स्मार्ट वॉच और बेल्ट उतरवाई
लखनऊ में एग्जाम सेंटरों पर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों से स्मार्ट वॉच और बेल्ट उतरवा ली गई। हाथ में पहने कड़े और कलवा खुलवाकर बाहर रखवा लिया गया।

