Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

वाराणसी कैंट स्टेशन पर आग, 200 गाड़ियां जलीं:पार्किंग में डेढ़ घंटे तक बाइक की टंकियां फटती रहीं, यात्री डरकर भागे

वाराणसी : वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन की पार्किंग में देर रात भीषण आग लग गई। 200 वाहन जलकर राख हो गए। 90 मिनट तक बाइक की टंकिया फटती रहीं। धमाके की आवाज से रेलवे स्टेशन में भगदड़ मच गई। यात्री इधर-उधर भागने लगे।

सूचना पर फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तड़के 3 बजे आग पर काबू पाया गया। पार्किंग में रात 1:30 बजे लगी। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ। रेलवे ने घटना की जांच के लिए टीम बना दी है।

हादसे की 3 तस्वीरें…

रेलवे स्टेशन की पार्किंग में लगी भीषण आग।

रेलवे स्टेशन की पार्किंग में लगी भीषण आग।

आग लगने के बाद पूरे स्टेशन परिसर में धुआं भर गया।

आग लगने के बाद पूरे स्टेशन परिसर में धुआं भर गया।

डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

9 बजे बाइक में लगी आग, ठीक से बुझाई नहीं

कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के बाहर दोपहिया वाहनों की पार्किंग है। शुक्रवार को इसमें 200 से अधिक बाइक खड़ी थी। रात 9 बजे एक बाइक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बाइक जलने लगी तो पार्किंग संचालक और आसपास के लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझा दी।

जिस बाइक में आग लगी थी उसका सीट कवर रात 1.30 बजे फिर सुलग उठा। पार्किंग संचालक सो रहा था। आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया। तेज आवाज के साथ बाइकों की टंकियां फटने लगीं तो हड़कंप मच गया। पार्किंग संचालक ने पुलिस कंट्रोल रूम समेत जीआरपी-आरपीएफ को फोन किया और आग बुझाने में जुट गया।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी। चारों तरफ जली हुई बाइक पड़ी हुई थी।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी। चारों तरफ जली हुई बाइक पड़ी हुई थी।

रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात, यात्री बाहर आए

लपटें उठती देख यात्री दौड़कर पहुंचे। आग इतनी विकराल थी कि कोई भी आगे जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। देखते ही देखते करीब 200 बाइक जलने लगी और तेज धमाके साथ आग और धुएं का गुबार स्टेशन पर छा गया। रात करीब दो बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस बार सभी बाइक को अलग-अलग चेक करके आग बुझाई गई। पेट्रोल होने के चलते आग बुझाने में फायर बिग्रेड को काफी दिक्कत हुई।

रात 3 बजे तक दमकल टीम ने रेस्क्यू पूरा किया। बताया गया कि वाहन पार्किंग की क्षमता करीब 400 की है और उस समय 300 बाइक पार्किंग में थीं। कुछ बाइकें चपेट में आने से बच गईं लेकिन 200 से अधिक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।

आग लगने के बाद पार्किग में खड़े वाहनों की चेकिंग करती पुलिस।

आग लगने के बाद पार्किग में खड़े वाहनों की चेकिंग करती पुलिस।

रेलकर्मी बोले- पेट्रोल चोरी करते समय लगी आग

इसमें रेल कर्मचारियों की भी बाइक थी, जो हादसे में जल गई। रेल कर्मचारियों ने पार्किंग संचालक पर वाहनों से पेट्रोल चोरी का आरोप लगाया। कहा- बाइक से पेट्रोल चुराते समय आग लगी होगी। पार्किंग से अक्सर तेल चोरी की शिकायत की जाती थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। संभव है कि तेल चोरी के दौरान ही आग लगी हो। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया- पार्किंग में शार्ट सर्किट से आग लगी। लगभग 200 गाड़ियों के पूरी तरह जलने की बात सामने आई है। आग की चपेट में आए सर्वाधिक वाहन रेलकर्मियों के थे, वहीं अन्य कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *