लखनऊ : यूपी में शीतलहर और कोहरे से हालात बिगड़ने लगे हैं। 48 घंटे में ठंड से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। लखनऊ समेत 35 से ज्यादा जिले घने कोहरे की चपेट में हैं।
मंगलवार को गाजियाबाद, बरेली, सहारनपुर, कुशीनगर, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और आगरा में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। ओस की बूंदें बारिश की फुहारों जैसी पड़ रही थीं। गाजीपुर के ग्रामीण इलाकों में बर्फ जम गई।
सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सर्द हवाओं से पहाड़ों जैसी ठंड महसूस हो रही हैं। लखनऊ, गोंडा समेत 8 जिलों में मंगलवार को स्कूल बंद कर दिए गए। 7 जिलों में पहले से स्कूल बंद थे। यानी अब तक 15 जिलों में डीएम ने स्कूलों में छुट्टी की है।
इन 8 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित
लखनऊ: 27 दिसंबर तक प्री-प्राइमरी व नर्सरी के स्कूल बंद। गोंडा: 8वीं तक स्कूल 26 दिसंबर तक बंद। टीचर स्कूल में SIR कार्य करेंगे। प्रतापगढ़: 8वीं तक सभी स्कूल 26 दिसंबर तक बंद रहेंगे। मैनपुरी: 8वीं तक स्कूल 30 दिसंबर तक बंद रहेंगे। संभल: 12वीं तक स्कूल 24 दिसंबर को बंद रहेंगे। सुल्तानपुर: 12वीं तक स्कूल 24 दिसंबर को बंद रहेंगे। मेरठ: 8वीं तक के स्कूल 26 दिसंबर तक बंद। संतकबीरनगर: 5वीं तक के स्कूल 27 दिसंबर तक बंद।
कोहरे का असर ट्रेनों पर भी देखने को मिल रहा है। कानपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 10 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। वाराणसी में 9 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं। सोमवार की बात करें तो बाराबंकी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा 26 शहर नैनीताल (6°C) और शिमला (11°C) से भी ज्यादा ठंडे रहे।
कोहरे के चलते पांच हादसे हुए हैं। इसमें 3 की जान चली गई है। 24 लोग घायल हुए हैं।
- अमेठी में घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर सोमवार रात 2 बजे रोडवेज बस-ट्रक समेत 7 वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 घायल हो गए।
- वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के लोहरापुर में रिंग रोड फेज-2 पर तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से ट्रेलर में टक्कर मार दी। डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
- मुरादाबाद में कटघर पुलिस स्टेशन इलाके के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर घने कोहरे के कारण 2 ट्रक डिवाइडर से टकरा गए।
- कानपुर शहर में यशोदा नगर एलिवेटेड पर टमाटर लादकर पिकअप बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गया। पिकअप सवार दो युवक केबिन में फंस गए।
- अमेठी में कोहरे की वजह से बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। चालक को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकाला।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को 13 जिलों में भयंकर कोहरा पड़ेगा। विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच सकती है।
क्रिसमस और नए साल पर भी मौसम बिगड़ा रहेगा। भीषण कोहरा पड़ेगा। सर्द हवाएं चलेंगी और बादल भी छाए रहेंगे। क्रिसमस पर पारा 6 डिग्री से 11 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं, नए साल पर 5 से 11 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। वहां से आने वाली सर्द हवाओं से पारा 2-3 डिग्री तक गिर सकता है।

गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में ओस की बूंदें जम गईं। गलन भरी ठंड के साथ कोहरे से लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
राहत आयुक्त बोले- अफसर अलर्ट रहें
सरकार भी अलर्ट मोड पर है। राहत आयुक्त ने 25 जिलों के अफसरों के साथ बैठक की। उन्हें अलर्ट रहने को कहा है। साथ ही वीडियो जारी कर लोगों से अपील की है कि कोहरे में अगर एक्सीडेंट हों तो तत्काल 108 और 112 नंबर पर जानकारी दें। एक्सप्रेसवे और हाईवे पर वाहनों की स्पीड 60 से 80 किमी प्रति घंटा कर दी गई है।
गूगल पर ट्रेंड कर रहा यूपी का मौसम

सोर्स- Google
फसलों के बचाव के लिए कृषि वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने बताया-
- मौसम पर नजर रखें, बदलते तापमान और कोहरे से फसलों में कीट और रोग बढ़ सकते हैं।
- गेहूं की बुवाई के 20-30 दिन बाद पहली सिंचाई के बाद जिंक की कमी दिखे तो 5 किलो जिंक सल्फेट +16 किलो यूरिया को 800 लीटर पानी में घोलकर प्रति हेक्टेयर छिड़काव करें।
- छोटी और चौड़ी पत्ती के खरपतवार के लिए सल्फोसल्फ्यूरान, मेटासल्फ्यूरॉन का छिड़काव करें या मेट्रीब्यूजिन का उपयोग पहली सिंचाई के बाद करें।
- सरसों के खेत में नमी कम हो तो हल्की सिंचाई जरूर करें।
- चने के पौधों में कटुआ कीड़े लगें तो क्लोरपाइरीफास का छिड़काव करें।
- टमाटर-मिर्च के पौधों में रोग ज्यादा हों तो डाईमेथोएट या इमिडाक्लोप्रिड को पानी में घोल कर छिड़काव करें।

