उत्तर प्रदेश : यूपी में कड़ाके की ठंड और भीषण कोहरे का कहर जारी है। यहां सीजन में पहली बार पारा 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। पिछले 24 घंटे में सुल्तानपुर 4.7°C न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। इसके बाद बाराबंकी में पारा 4.8°C, अयोध्या में 5°C, बरेली में 5.1°C और शाहजहांपुर में पारा 5.5°C रिकॉर्ड किया गया।
आज सुबह 28 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। ज्यादातर शहरों में धूप नहीं निकली। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह पड़ीं। कुछ जगह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
बड़ी बात यह कि शनिवार को प्रदेश के 17 जिलों में शिमला (11.8°C) और नैनीताल (9°C) से ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गई। जालौन में शीतलहर को देखते हुए गौशालाओं में हीटर लगवाए गए हैं। अलाव भी जलाए जा रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने लखनऊ, सीतापुर समेत पूरे अवध क्षेत्र के लिए अगले 2 दिन भीषण ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अधिकतर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कोहरे की वजह लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 70 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स लेट हैं। ठंड की वजह से पिछले दिनों से 11 शहरों में स्कूल बंद हैं। लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग भी बदली गई है।
सरकार भी अलर्ट मोड पर है। लोगों से अपील की गई है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें। हाईवे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट 60 से 80 के बीच कर दी गई है। किसानों का कहना है कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन आलू, दलहन और मटर के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है।
लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

आज से यूपी में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। इसके असर से दिन के तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़त आएगी। साथ ही कोहरा भी कम हो सकता है।

वाराणसी में ठंड और शीतलहर के बीच श्रद्धालु गंगा घाट पर स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। तस्वीर दशाश्वमेध घाट की है।

आगरा में शीतलहर और घना कोहरा छाया हुआ है। तस्वीर ताज व्यू पॉइंट से ली गई है।

अयोध्या में शीतलहर के बीच कोहरे की परत छाई हुई है। तस्वीर सरयू घाट की है।

मेरठ में सुबह गलन और ठिठुरन की वजह से सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। कोहरा कम होने के बावजूद कड़ाके की सर्दी ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया।

बरेली में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। सड़क के किनारे लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए।

जालौन में गोशालाओं में हीटर लगाए गए हैं। अलाव के इंतजाम भी किए गए हैं।

काशी में बड़ा गणेश मंदिर में भगवान को ऊनी कपड़े पहनाए गए। रुई से बनी रजाई ओढ़ाई गई। इसके अलावा मूषक को भी शॉल पहनाया गया।
3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
24 दिसंबर- पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, कहीं-कहीं पर हल्का कोहरा देखने को मिला है।
22 दिसंबर- पूर्वी यूपी में घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा छाया रह सकता है। मौसम शुष्क रहेगा। कहीं-कही पर बादल भी देखने को मिल सकते हैं।
23 दिसंबर- पूर्वी यूपी में मध्यम कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट रहेगा। दृश्यता शून्य से 100 मी. तक रह सकती है।

