लखनऊ : यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। सीजन में पहली बार पारा 40°C पार कर गया है। मौसम विभाग ने कल से कई इलाकों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बिजली गिरने और आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिन मौसम बदला रहेगा। इससे तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि, अनुमान है कि मार्च के आखिरी हफ्ते तक प्रदेश में पारा 44°C तक पहुंच सकता है।
वहीं, गोरखपुर समेत 10 जिलों में शनिवार को पांचवे दिन भी धुंध दिखाई दी। 30-40 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चल रही हैं। दिन बढ़ने के साथ तेज धूप की वजह से सड़कों पर लोग गमछे और छातों में दुबके नजर आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2°C दर्ज किया गया। झांसी में पारा 38.3°C और उरई में 37.8°C पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा –

15 मार्च से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी। ओले भी गिरेंगे। मौसम में अचानक बदलाव से पारे में गिरावट होगी। रात के वक्त हल्की ठंड का एहसास होगा।

गोरखपुर में सुबह-सुबह हल्की धुंध रही। हवाओं की रफ्तार धीमी होने की वजह से उमस महसूस हो रही है।

गाजियाबाद में सुबह से धूप खिली है। आसमान में हल्के बादल छाए हैं।
अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम…
15 मार्च- पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
16 मार्च- पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बौछारें पडेंगी। ओले भी गिर सकते हैं।
17 मार्च- मौसम साफ रहेगा। बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं धुंध छाई रह सकती है।

