- ग्वालियर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक प्राइमरी स्कूल के शिक्षक के घर रेड की
शिवपुरी : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक ऐसी रेड हुई है जिसमें बरामद संपत्तियों के बारे में सुनकर हर कोई हैरान हो रहा है। जिले में सरकारी प्राइमरी स्कूल के एक शिक्षक के पास 52 भूखंड समेत 8.36 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति पाई गई है जो उसकी आय के ज्ञात स्रोत से अधिक है। शिक्षक का नाम सुरेश सिंह भदौरिया है। DSP डी. पी. गुप्ता ने बताया कि ग्वालियर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने बुधवार सुबह जिले के भौंती कस्बे में भदौरिया के आवास पर छापा मारा।
EOW ने एक विज्ञप्ति में बताया कि भदौरिया एवं उसके परिवार के पास सामूहिक रूप से 52 भूखंड, दुकानें, मकान, वाहन, सोना-चांदी समेत 8.36 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति है। ईओडब्ल्यू की जांच के अनुसार, भदौरिया ने अब तक अपनी नौकरी से कुल 38.04 लाख रुपये का वेतन अर्जित किया है।

27 साल से शिक्षक है आरोपी
ईओडब्ल्यू के अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में 65 हजार मासिक वेतन पाने वाला शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया 1998 से नौकरी में है। शिक्षक के पास कुल 8 करोड़ 36 लाख 32 हजार 340 रुपये की चल-अचल संपत्ति की जानकारी प्राप्त हुई है। आरोपी शिक्षक ने अपने लगभग 27 साल के सेवाकाल में वेतन के रूप में लगभग 38 लाख 4 हजार रुपये की धनराशि ही प्राप्त की।
12 बैंक पासबुक, कई भूमि स्वामित्व दस्तावेज बरामद
छापेमारी के दौरान EOW ने 12 बैंक पासबुक और कई भूमि स्वामित्व दस्तावेज बरामद किए, जिनकी जांचकर्ता आगे की जानकारी के लिए छानबीन कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
‘करोड़पति सिपाही’ सलाखों के पीछे
इससे पहले मध्य प्रदेश परिवहन विभाग का पूर्व सिपाही सौरभ शर्मा चर्चा में रहा। सौरभ फिलहाल न्यायिक हिरासत के चलते जेल में बंद है।
लोकायुक्त पुलिस ने बीती साल 18 और 19 दिसंबर को सौरभ शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग ने अलग-अलग जांच शुरू की। छापों के दौरान 7.98 करोड़ रुपए की चल संपत्तियां, 2.87 करोड़ रुपये नकद और 234 Kg चांदी जब्त की गई।
दरअसल, भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित शर्मा के आवास से लोकायुक्त पुलिस ने 1.15 करोड़ रुपए नकद, 50 लाख रुपए के आभूषण और 2.21 करोड़ रुपए मूल्य की अन्य संपत्तियां बरामद कीं।
इसके अलावा, सौरभ शर्मा के कार्यालय पर छापेमारी में 1.72 करोड़ रुपये नकद, 234 किलोग्राम चांदी (मूल्य 2.10 करोड़ रुपये) और 3 करोड़ रुपए की अन्य संपत्तियां जब्त की गईं।
एक अन्य कार्रवाई में 19 दिसंबर को आयकर विभाग ने भोपाल के बाहरी इलाके में सौरभ शर्मा के सहायक गौड़ की कार से 10 करोड़ रुपए से अधिक नकद और 50 किलोग्राम से ज्यादा सोना जब्त किया।
लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि सौरभ शर्मा पर आरोप है कि उसने भ्रष्ट तरीकों से बड़ी मात्रा में धन अर्जित किया और कई संपत्तियां खरीदीं। उसने अपनी मां, पत्नी, साली और करीबियों, गौड़ और जायसवाल के नाम पर एक स्कूल और एक होटल भी खोला।

