- महाराष्ट्र के भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका मेयर चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, भाजपा के नौ पार्षदों ने कांग्रेस का साथ देने का फैसला किया है जिसके बाद अब कांग्रेस का मेयर बनना तय है
भिवंडी-निजामपुर : महाराष्ट्र के भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका में मेयर चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 22 पार्षदों में से नो पार्षदों ने अलग गुट बनाकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को समर्थन दे दिया है। इसके बाद अब कहा जा रहा है कि कांग्रेस के मेयर चुनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। बता दें कि इस महानगरपालिका के चुनाव में कांग्रेस को सबसे अधिक 30 सीटें मिली थीं। भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका में कुल 90 सीटें हैं।
चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस-एनसीपी को लग रहा था कि समाजवादी पार्टी के सपोर्ट से वो आसानी से अपना मेयर बना लेंगे लेकिन सपा ने समर्थन देने से मना कर दिया। सपा ने शिवसेना के साथ देने का ऐलान कर दिया। इसके बाद कांग्रेस और एनसीपी ने “सेक्युलर फ्रंट” गठबंधन बनाया ताकि मेयर पद के लिए बहुमत हासिल किया जा सके। बीजेपी के 9 पार्षदों ने अलग गुट बनाकर कांग्रेस-एनसीपी के सेक्युलर फ्रंट को समर्थन देने का ऐलान किया है। सेक्युलर फ्रंट के पास अब कुल 51 वोट हो गए हैं जो बहुमत से ऊपर है। बीजेपी से बगावत करने वाले नारायण चौधरी को सेक्युलर फ्रंट ने अपना मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। वहीं बीजेपी की तरफ से स्नेहा पाटिल मेयर पद की उम्मीदवार है
क्यों हुई बीजेपी में बगावत?
चुनाव नतीजों के बाद से ही भिवंडी बीजेपी में अंदरुनी कलह बढ़ गई थी। पहले पार्षद नारायण चौधरी बीजेपी के संभावित मेयर पद के उम्मीदवार थे। लेकिन आखरी समय में बीजेपी ने स्नेहा पाटिल को उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस वजह से बीजेपी पार्षदों का एक धड़ा नाराज़ हो गया। मौके का फायदा उठाते हुए एनसीपी सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने बीजेपी के नाराज पार्षद नारायण चौधरी से संपर्क किया। कांग्रेस-एनसीपी ने नारायण चौधरी को मेयर उम्मीदवार बनाने का ऑफर दिया बशर्ते चौधरी बहुमत के लिए जरूरी पार्षदों से अधिक पार्षदों को अपने साथ लाए और सेक्युलर फ्रंट का हिस्सा बने। नारायण चौधरी बीजेपी के 22 में कुल 9 पार्षदों को अपने साथ लाने में कामयाब रहें।
भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका मेयर चुनाव
कुल सीट – 90, बहुमत के लिए चाहिए 46 सीटें
मौजूदा समय में किसी भी दल के पास बहुमत नहीं हैं
आज दोपहर 12 बजे मेयर पद का चुनाव है
मौजूदा स्थिति
कांग्रेस-30, भारतीय जनता पार्टी- 22
शिवसेना – 12, एनसीपी (SP) – 12
समाजवादी पार्टी – 6, कोणार्क विकास अघाड़ी – 4
भिवंडी विकास अघाड़ी – 3
निर्दलीय – 1

