मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा में स्पार्कल जीएलए टीबीआई द्वारा मेइटी स्टार्टअप हब (एमएसएच) के सहयोग से तथा ईज़ी नॉलेज क्लब को कम्युनिटी पार्टनर के रूप में साथ लेकर एआई-निर्माण 36-घंटे का जनरेटिव एआई हैकाथॉन का सफल आयोजन किया गया। एआई-निर्माण एक स्टार्टअप-केंद्रित हैकाथॉन है, जिसका उद्देश्य युवा नवाचारकर्ताओं और उभरते फाउंडर्स को वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उन्हें स्केलेबल एवं प्रोडक्ट-रेडी एआई समाधानों में परिवर्तित करने हेतु सशक्त मंच प्रदान करना है।
इस 36 घंटे के गहन प्रारूप में कुल 19 टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागी टीमों ने फिनटेक, एडटेक, लीगलटेक, क्रिएटर इकोनॉमी एवं ओपन इनोवेशन जैसे विभिन्न डोमेन में एआई आधारित समाधान विकसित किए। कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा सत्र, हैंड्स-ऑन वर्कशॉप तथा वन-टू-वन मेंटरिंग के माध्यम से प्रोडक्ट थिंकिंग, मार्केट-फिट और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
प्रतिभागियों के लिए प्री-प्रेपरेशन वर्कशॉप्स आयोजित की गईं। 91मोबाइल्स के वाइस-प्रेसिडेंट–टेक्नोलॉजी प्रत्युष मजूमदार ने एजेंटिक एआई एंड द फ्यूचर ऑफ वर्क विषय पर सत्र लिया। वहीं ग्रेस्ट के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर एवं निवेशक संजीव अग्रवाल ने प्रॉब्लम स्टेटमेंट से प्रोडक्ट-मार्केट फिट तक विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रतिभागी टीमों का मूल्यांकन जीएसएफ के इन्वेस्टमेंट एसोसिएट जस्मीत भाटिया, एग्जिट फंड वेंचर्स के इन्वेस्टमेंट लीड मनीष कुमार, सूनिकॉर्न वेंचर की इन्वेस्टमेंट एसोसिएट देवांशी पाहुजा, एलवीएक्स वेंचर की इन्वेस्टमेंट एसोसिएट वंशिका, ईज़ी नॉलेज क्लब की निकिता शर्मा, इंडिकॉर्न एंजेल्स के इन्वेस्टर अमित सिंगल, ईज़ी नॉलेज क्लब की फाउंडर राखी सिंगल, एएसआर बिज़नेस एडवाइजर्स प्रा. लि. के संतोष जैन, स्विफ्ट सीड वेंचर्स के इन्वेस्टर अमर दीक्षित तथा ग्रेस्ट के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर संजीव अग्रवाल सहित प्रतिष्ठित जूरी सदस्यों द्वारा किया गया।
एआई-निर्माण 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम व्हीटस्पेक्ट्रल एआई ने प्रथम पुरस्कार (₹35,000), टीम निवेश एआई ने द्वितीय पुरस्कार (₹25,000) तथा टीम विज्ञापन एआई ने तृतीय पुरस्कार (₹10,000) प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार (₹5,000 प्रत्येक) टीम कोडबस्टर एवं टीम फ्लुएंजी एआई को प्रदान किया गया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। टेक्नोलॉजी बिज़नेस इनक्यूबेटर के वाइस-प्रेसिडेंट रवि तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मैनेजर – इवेंट्स एंड आउटरीच दीपक शर्मा, न्यूजन आईईडीसी के कोऑर्डिनेटर जितेन्द्र शर्मा, टेक्नोलॉजी बिज़नेस इनक्यूबेटर के ऑपरेशंस मैनेजर सौरभ तिवारी तथा एंटरप्रेन्योरशिप सेल की छात्र टीम का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा।
एआई-निर्माण 2026 ने यह सिद्ध किया कि सशक्त मार्गदर्शन, निवेशकों की सक्रिय भागीदारी और मजबूत नवाचार पारितंत्र के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को समस्या से समाधान और समाधान से स्टार्टअप की दिशा में प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सकता है।

