Breaking
Thu. Feb 26th, 2026

जीएलए के छात्रों ने 15 पदक जीत राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम

दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के छात्र खिलाड़ियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रभावशाली परिचय दिया है। एमिटी यूनिवर्सिटी, जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय खेल महोत्सव “शौर्य मंथन 26” में देशभर के 17 महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं खेल क्लबों के लगभग 400 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कड़े मुकाबलों और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा के बीच जीएलए विश्वविद्यालय के एथलेटिक्स क्लब, टेबल टेनिस क्लब तथा ई-स्पोर्ट्स टीम ने संतुलित, योजनाबद्ध और प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए कुल 15 पदक अर्जित किए और विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

एथलेटिक्स कोच भूपेंद्र कुमार मिश्रा के अनुसार इस प्रतिष्ठित खेल महोत्सव में जीएलए विश्वविद्यालय एथलेटिक्स क्लब ने 100 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में भूपेश शर्मा ने तेज गति और उत्कृष्ट तकनीक का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि इसी स्पर्धा में गौतम ने कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय की पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 100 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग) में स्नेहा त्यागी ने संतुलित और आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अर्जित किया।

ऊंची कूद (बालक वर्ग) में धैर्य गोस्वामी ने शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि हर्ष शेरावत ने निरंतरता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए रजत पदक अपने नाम किया। एथलेटिक्स की अन्य स्पर्धाओं में भी जीएलए विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने सशक्त प्रदर्शन करते हुए कुल पदक संख्या को 3 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य तक पहुंचाया, जिससे एथलेटिक्स में कुल 10 पदक सुनिश्चित हुए।
एथलेटिक्स के अतिरिक्त, जीएलए विश्वविद्यालय के टेबल टेनिस क्लब के टेबल टेनिस कोच आकाश कुमार ने बताया कि जीएलए विश्वविद्यालय की टीम ने कुल 4 पदक अर्जित किए, जिनमें 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। व्यक्तिगत स्पर्धा में हर्ष गुप्ता ने स्वर्ण पदक, आलोक यादव ने रजत पदक तथा मदन मोहन ने कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम स्पर्धा में हर्ष गुप्ता एवं आदित्य शर्मा की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ई-स्पोर्ट्स में स्वर्णिम सफलता के बारे में जानकारी देते हुए एंड्रे बेंजामिन ने बताया कि ओजस, कृष्णा कुमार सेंगर, शिवम यादव और जतिन की टीम ने उत्कृष्ट समन्वय और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं और निरंतर प्रोत्साहन का प्रत्यक्ष प्रमाण

कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि “शौर्य मंथन 26” में जीएलए विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि केवल पदकों की संख्या भर नहीं है, बल्कि यह संस्थान की सुदृढ़ खेल संरचना, अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं और निरंतर प्रोत्साहन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। राष्ट्रीय मंच पर 15 पदकों की यह सफलता यह दर्शाती है कि जीएलए विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल क्षेत्र में भी निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर चुका है।

जीएलए विश्वविद्यालय के कुलसचिव अशोक कुमार सिंह एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर डा. हिमांशु शर्मा ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने ‘शौर्य मंथन 26’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ किया है। यह सफलता टीम भावना, नियमित अभ्यास और संस्थागत सहयोग का परिणाम है। भविष्य में भी जीएलए विश्वविद्यालय खेल क्षेत्र में नई उपलब्धियां अर्जित करता रहेगा।

इस अवसर पर जेपी सिंह, अमित कुमार शर्मा, बृज बिहारी सिंह, आशीष राय, रितु जाट, श्याम नारायण, मनुदेव आर्य, राहुल उपाध्याय, सत्येंद्र तोमर, प्रिया तांगर सहित खेल विभाग के सभी सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *