Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

जीएलए विश्वविद्यालय में छह दिवसीय पासपोर्ट सेवा कैम्प का शुभारंभ

दैनिक उजाला, मथुरा : विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा में छह दिवसीय पासपोर्ट सेवा कैम्प का शुभारंभ किया गया। यह पहल विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों को पासपोर्ट संबंधी सुविधाएं उनके ही परिसर में उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

कैम्प का उद्घाटन जीएलए विश्वविद्यालय के मुख्य वित्त अधिकारी डॉ. विवेक अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दीपक गौड़ सहित कई अन्य पदाधिकारी, संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय के कंसल्टेंट तजिंदर आनंद ने किया।

श्री आनंद ने अपने उद्बोधन में बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस विशेष कैम्प में लगभग 215 जीएलए परिवार के सदस्यों के पासपोर्ट बनाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के शिविर युवाओं और कर्मचारियों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, क्योंकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलती है और प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बनती है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और विदेश मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि, “जीएलए विश्वविद्यालय सदैव अपने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए प्रयासरत रहता है। इस प्रकार के कैम्प से हमारे परिवार के सदस्य समय की बचत करते हुए सरकारी सेवाओं का लाभ अपने ही संस्थान में उठा पाएंगे।”

वहीं, कैम्प का शुभारंभ करने वाले मुख्य वित्त अधिकारी डॉ. विवेक अग्रवाल ने कहा कि, “पासपोर्ट आज वैश्विक अवसरों का प्रवेशद्वार है। विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा एवं शोध के अवसर मिलें या संकाय सदस्य अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और परियोजनाओं से जुड़ें, इसके लिए पासपोर्ट एक मूलभूत आवश्यकता है। इस तरह के कैम्प न केवल प्रक्रिया को सरल बनाते हैं, बल्कि समय और संसाधनों की भी बड़ी बचत करते हैं। अक्सर देखा जाता है कि पासपोर्ट बनवाने हेतु अपने नजदीकी रीजनल आॅफिस जाने के लिए एक या दो दिन अवकाश लेना पड़ता है, लेकिन विश्वविद्यालय ने इस प्रक्रिया को स्टाफ सदस्य तथा विद्यार्थियों के नजदीक लाकर समय, पैसा और परेशानी का समाधान किया है।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिवार के विभिन्न संकायों व विभागों के सदस्य और छात्र-छात्रा भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की। आगामी दिनों में यह कैम्प विश्वविद्यालय में नियमित कार्यशालाओं और सेवा गतिविधियों का एक आदर्श उदाहरण बनेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *