Breaking
Mon. Feb 23rd, 2026

जीएलए कृषि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने किया ताज महोत्सव का भ्रमण

मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संकाय के बीएससी (ऑनर्स) कृषि एवं एमएससी कृषि के विद्यार्थियों ने आगरा में आयोजित ताज महोत्सव के अंतर्गत “आगरा मंडल फल, सब्जी एवं पुष्प प्रदर्शनी 2026” का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यानिकी एवं पुष्पोत्पादन के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना था।

प्रदर्शनी में गेंदा, गुलाब, गुलदाउदी, पेटूनिया, डहेलिया एवं कैलेंडुला जैसे मौसमी पुष्पों की विविध एवं आकर्षक किस्मों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही सजावटी पत्तेदार पौधों, रचनात्मक पुष्प सज्जा, कलात्मक पुष्प संरचनाओं तथा अभिनव परिदृश्य सज्जा प्रारूपों ने विद्यार्थियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने उन्नत किस्मों के फल एवं सब्जियों का भी अवलोकन किया तथा आधुनिक उत्पादन तकनीकों, नर्सरी प्रबंधन और सजावटी बागवानी के नवीन आयामों की जानकारी प्राप्त की।

यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। इससे उन्हें कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से देखने, समझने और उससे जुड़ी व्यावहारिक बारीकियों को जानने का अवसर मिला। इस प्रकार के प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों में नवाचार, शोध प्रवृत्ति एवं उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करते हैं तथा कृषि एवं पुष्पोत्पादन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मार्ग प्रशस्त करते हैं।

कृषि विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. शैलेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि व्यावहारिक अनुभव ही वास्तविक ज्ञान को सुदृढ़ बनाता है। इस शैक्षणिक भ्रमण का संयोजन डॉ. अमिता यादव (असिस्टेंट प्रोफेसर) एवं डॉ. सर्वेश सिंह (असिस्टेंट प्रोफेसर) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अंकित चौहान (फार्म प्रबंधक) का विशेष सहयोग रहा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *