Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

तीन हजार छात्रों ने सजाया जीएलए विश्वविद्यालय का ‘सृजन’

  • जीएलए विश्वविद्यालय ब्रज में प्रतिभाओं का सबसे बड़ा मंच

दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा में आयोजित दो दिवसीय इंटर-स्कूली ‘सृजन’ कार्यक्रम में मथुरा, हाथरस और आगरा जनपदों के 60 से अधिक विद्यालयों के 3,000 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लेकर कला, नाट्य, चिंतन, अभिव्यक्ति और खेलकूद के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का भव्य प्रदर्शन किया। दो दिनों तक चले इस मेगा इवेंट ने जीएलए विश्वविद्यालय परिसर को उत्साह, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की ऊर्जा से भर दिया, जिसमें छोटे-बड़े सभी वर्गों के विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी विधाओं में दमखम दिखाते हुए विभिन्न मंचों पर शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, आईबीएम निदेशक प्रो. अनुराग सिंह, डॉ. अमित अग्रवाल, डा. उमेश शर्मा और प्रयास टीम के संयोजक नितिन गौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया, जिसके साथ ही पूरे परिसर में सृजन-2025 की रंगारंग शुरुआत हुई। कार्यक्रम के अंतर्गत मुद्रा, जिज्ञासा, मेधा, कलाकृति, नुक्कड़, मंथन, संवाद, अलाप, वॉलीबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, चेस, बॉस्केटबॉल और कबड्डी सहित सभी प्रमुख सांस्कृतिक व खेलकूद मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों की भागीदारी अत्यंत उत्साहपूर्ण रही।

विद्यालयवार प्रदर्शन की बात करें तो श्रीजी बाबा गर्ल्स, श्रीजीबाबा और श्रीजी इंटरनेशनल ने मुद्रा, जिज्ञासा, नुक्कड़, फुटबॉल और अलाप में बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अपनी मौजूदगी मजबूत की, जबकि केएमपीएस एवं केएमपीएस मिलेनियम ने इस वर्ष सर्वाधिक विधाओं में भाग लेकर मुद्रा, मेधा, कलाकृति, नुक्कड़, मंथन, संवाद, अलाप, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, चेस और बॉस्केटबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया। बीबीआर इंटरनेशनल एवं प्रसाद पब्लिक स्कूल ने मुद्रा में अपनी छाप छोड़ी, जबकि एचजीएम होडल ने मुद्रा, जिज्ञासा और कबड्डी में शानदार स्थान प्राप्त किए। रिअल पब्लिक और रिअल इंटरनेशनल ने मुद्रा, नुक्कड़, मंथन और बैडमिंटन में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, वहीं वात्सल्य पब्लिक स्कूल ने जिज्ञासा और कबड्डी में अपनी प्रतिभा दिखाई। भक्ति वेदांत गुरुकुल ने मेधा और चेस में, आरडी एसवीएम ने मेधा में, तथा रमनलाल शोरावाला ने कलाकृति और मंथन में सफलता हासिल की। ज्ञानदीप ने नुक्कड़ और चेस में, दून पब्लिक और आर्केडियन ने संवाद में विशेष उपस्थिति दर्ज की। माउंट हिल ने अलाप और कबड्डी में, एसडी पब्लिक ने अलाप में, जबकि एसटी फ्रांसिस ने क्रिकेट और बॉस्केटबॉल में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। सीएसआरवी और पीडी धानुका ने क्रिकेट में प्रभावशाली खेल दिखाया, जबकि एपीएस ने फुटबॉल, टेबल टेनिस, चेस और बॉस्केटबॉल में अपना दबदबा बनाए रखा। पुलिस मॉर्डन और आर्मी पब्लिक स्कूल ने बैडमिंटन, पीआरएफएस ने टेबल टेनिस, कान्हा माखन और राजीव इंटरनेशनल ने चेस, जबकि ब्रजधाम और हनुमान प्रसाद ने कबड्डी में अपनी-अपनी उत्कृष्टता साबित की।

उच्च शिक्षा के केंद्र में इंटर-स्कूली छात्रों को भी बराबर अवसर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय न केवल उच्च शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र है, बल्कि इंटर-स्कूली छात्रों को भी बराबर अवसर और मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘सृजन’ जैसे बड़े कार्यक्रम बच्चों को टीम वर्क, अनुशासन, नेतृत्व, अभिव्यक्ति और सृजनात्मक सोच का वास्तविक अनुभव प्रदान करते हैं, जो उनके संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया और इंजीनियरिंग, बायोटेक, कृषि तथा पॉलीटेक्निक संस्थान की आधुनिक प्रयोगशालाओं को देखकर नए ज्ञान और तकनीकी अनुभव प्राप्त किए।

जीएलए प्रयास टीम ने सभी विद्यालयों के छात्रों व साथ आए शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रयास टीम के नितिन गौर ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य ब्रज क्षेत्र ही नहीं, बल्कि दूर-दराज़ के विद्यालयों तक गुणवत्तापूर्ण आयोजन पहुंचाना और इंटर-स्कूली छात्रों को राष्ट्रीय स्तरीय अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय आगे भी ऐसे आयोजन बड़े स्तर पर आयोजित करता रहेगा ताकि प्रतिभावान छात्र अपनी क्षमताओं को बेहतर ढंग से प्रदर्शित कर सकें। कार्यक्रम की सफलता में प्रयास टीम के सभी सदस्यों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *