Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

‘मुसलमानों के खिलाफ नहीं, हिंदुओं के समर्थन में है पदयात्रा’, 10 दिन में 3 राज्यों से गुजरेंगे बाबा बागेश्वर

  • बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 10 दिन की पदयात्रा शुरू की है, जो दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी

नई दिल्ली: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शुक्रवार से 10 दिन की बड़ी पदयात्रा शुरू कर दी है। यह यात्रा 7 नवंबर से 16 नवंबर तक चलेगी और दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के इलाकों से गुजरेगी। बाबा बागेश्वर के मुताबिक, कुल 145 किलोमीटर की यह पदयात्रा हिंदुओं में एकता लाने, जातिवाद खत्म करने और देशभक्ति का संदेश फैलाने के लिए निकाली जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, ‘7 नवंबर से 16 नवंबर तक 3 राज्यों की यात्रा है, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश। यह हमारी जिंदगी की दूसरी पदयात्रा है। हम सिर्फ हिंदुओं में जागृति चाहते हैं। जातिवाद और भेदभाव को जड़ से खत्म करना है।’

बाबा बागेश्वर ने कहा, ‘देश में राष्ट्रवाद चाहिए, जातिवाद नहीं। हमारे हिंदू बच्चे और आपके बच्चे सुरक्षित रहें, देश का इस्लामीकरण न हो। देश में दंगे न हों, गंगा फैले। इसलिए हम यह पदयात्रा कर रहे हैं। हम हिंदुओं के लिए लड़ रहे हैं। जातियां हो सकती हैं, लेकिन जातिवाद नहीं होना चाहिए। देश सबका है। यह हर उस पार्टी की पदयात्रा है जिसमें हिंदू हैं। इसलिए हमने सबको न्योता दिया है। अगर देश में जातियों की लड़ाई खत्म हो जाए तो हिंदू एक हो जाएंगे।’

’40 हजार लोग शामिल, हर रोज 7 शपथ’

आचार्य शास्त्री ने बताया कि पदयात्रा की शुरुआत हर दिन राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा से होगी। उन्होंने कहा, ‘145 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा से शुरू होगी। रोज सात शपथ लेंगे। 40 हजार यात्री पहले ही रजिस्टर हो चुके हैं। देश के हर कोने, हर गली से लोग आ रहे हैं। देश में 80 करोड़ हिंदू हैं। हम हर गांव-हर गली तक पहुंचकर उन सबके लिए लड़ रहे हैं। हमारा एकमात्र मकसद हिंदू एकता और सनातन एकता है। हम मुसलमानों के खिलाफ नहीं, हिंदुओं के समर्थन में पदयात्रा कर रहे हैं।’

‘तिरंगे पर चांद नहीं, चांद पर तिरंगा चाहिए’

बाबा बागेश्वर ने कहा, ‘जो हिंदुत्व से प्यार करते हैं, सनातन से प्यार करते हैं, तिरंगे से प्यार करते हैं, वे इस पदयात्रा में आ रहे हैं। कुछ लोग तिरंगे में चांद देखना चाहते हैं। हम चांद पर तिरंगा देखना चाहते हैं।’उन्होंने बताया कि सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को पत्र भेजकर न्योता दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘हमने सब पार्टियों को बुलाया है। जिनके दिल में हिंदुत्व का जज्बा है, हिंदुत्व की विचारधारा है, वे आएं तो स्वागत है।’

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *