Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

राज्यसभा नॉमिनेशन के बाद सोनिया की रायबरेली को चिट्ठी:अब सीधी सेवा का अवसर नहीं मिलेगा पर प्राण आपके पास

  • राजस्थान से राज्यसभा जा रहीं सोनिया गांधी
  • रायबरेली लोकसभा से पांच बार जीतीं
  • अब प्रियंका वाड्रा को मिल सकता है टिकट

नई दिल्ली : 2004 से रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ने वाली सोनिया गांधी ने बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा का नामांकन भरा। अगले ही दिन गुरुवार को उन्होंने रायबरेलीवासियों के नाम एक चिट्ठी लिखी। इसमें उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि अब वे लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी, लेकिन उनके मन और प्राण हमेशा रायबरेली के पास ही रहेंगे।

सोनिया गांधी का लेटर…
नमस्कार

मेरा परिवार दिल्ली में अधूरा है। वह रायबरेली आकर आप लोगों में मिलकर पूरा होता है। यह नेह – नाता बहुत पुराना है और अपनी ससुराल से मुझे सौभाग्य की तरह मिला है।

रायबरेली के साथ हमारे परिवार के रिश्तों की जड़ें बहुत गहरी हैं। आजादी के बाद हुए पहले लोकसभा चुनाव में आपने मेरे ससुर श्री फीरोज गाँधी जी को यहां से जिताकर दिल्ली भेजा। उनके बाद मेरी सास श्रीमती इंदिरा गांधी जी को आपने अपना बना लिया। तब से अब तक, यह सिलसिला जिंदगी के उतार-चढ़ाव और मुश्किल भरी राह पर प्यार और जोश के साथ आगे बढ़ता गया और इस पर हमारी आस्था मजबूत होती चली गई।

इसी रोशन रास्ते पर आपने मुझे भी चलने की जगह दी। सास और जीवनसाथी को हमेशा के लिये खोकर मैं आपके पास आई और आपने अपना आँचल मेरे लिये फैला दिया। पिछले दो चुनावों में विषम परिस्थितियों में भी आप एक चट्टान की तरह मेरे साथ खड़े रहे, मैं यह कभी भूल नहीं सकती। यह कहते हुए मुझे गर्व है कि आज मैं जो कुछ भी हूँ, आपकी बदौलत हूँ और मैंने इस भरोसे को निभाने की हरदम कोशिश की है।

अब स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र के चलते मैं अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। इस निर्णय के बाद मुझे आपकी सीधी सेवा का अवसर नहीं मिलेगा, लेकिन यह तय है कि मेरा मन-प्राण हमेशा आपके पास रहेगा। मुझे पता है कि आप भी हर मुश्किल में मुझे और मेरे परिवार को वैसे ही संभाल लेंगे, जैसे अब तक सम्भालते आये हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *