Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

एअर इंडिया का विमान हॉन्गकॉन्ग लौटा:तकनीकी खराबी बताई गई, कल भी दो एयरलाइंस की उड़ानें लौटी थीं

नई दिल्ली : हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (नंबर AI315) सोमवार को वापस लौट गई। इसमें तकनीकी खराबी की बात सामने आई है। यह उड़ान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की थी।

वहीं, रविवार को भारत आ रहे बोइंग के दो ड्रीमलाइनर प्लेन भी बीच रास्ते से लौट गए थे। इनमें से एक फ्लाइट लंदन से चेन्नई और दूसरी जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही थी। दोनों की सोमवार को लैंडिंग होनी थी।

ब्रिटिश एयरवेज के चेन्नई आ रहे बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर को तकनीकी खराबी के चलते लौटना पड़ा। लुफ्थांसा एयरलाइन (जर्मनी) के बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके चलते प्लेन को लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली और लौटना पड़ा।

अहमदाबाद में 12 जून बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दो मिनट में क्रैश हो गया था। इसमें पायलट-क्रू समेत 242 लोगों में से 241 की जान चली गई थी। हादसे में सिर्फ एक पैंसेजर बचे।

लंदन से टेकऑफ करने के बाद फ्लाइट 2 घंटे बाद लौटी

लंदन से चेन्नई आ रही ड्रीमलाइनर 787-8 से संचालित ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट बीए35 तकनीकी खराबी (फ्लैप फेल) के कारण डोवर के पास चक्कर लगाकर हीथ्रो लौट गई। ब्रिटिश एयरवेज ने फ्लाइट का टेकऑफ टाइम, पैसेंजर और क्रू की संख्या और लैंडिंग से पहले विमान के हवा में रहने का समय नहीं बताया है।

हालांकि, लाइव फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA35 को रविवार दोपहर 12:40 बजे रवाना होकर सोमवार सुबह 3.30 बजे चेन्नई पहुंचना था। फ्लाइट ने दोपहर 1.16 बजे टेकऑफ किया और एयरपोर्ट लौटने से पहले करीब दो घंटे तक हवा में रही।

फ्रैंकफर्ट-हैदराबाद फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी

जर्मनी से हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट LH752 को रविवार शाम उड़ान के बाद वापस फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट लौटना पड़ा। यह फ्लाइट सोमवार (16 जून) सुबह हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लैंड करने वाली थी।

लुफ्थांसा एयरलाइंस ने ANI को बताया, “हमें हैदराबाद में लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली, इसलिए फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा।” वहीं हैदराबाद एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि 15 जून की शाम 6:01 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट को एक बम धमकी भरा ईमेल मिला। इसके बाद एयरपोर्ट पर बम थ्रेट असेसमेंट कमेटी बनाई गई और सभी सुरक्षा प्रक्रिया SOP के अनुसार पूरी की गई।

उन्होंने बताया, “यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस को सलाह दी गई कि फ्लाइट को या तो वापस जर्मनी भेज दिया जाए या नजदीकी सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारा जाए। इसके बाद फ्लाइट को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट वापस लौटा दिया गया।”

लखनऊ में लैडिंग के दौरान फ्लाइट से चिनगारी निकली

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी-3112 की लैंडिंग के दौरान पहिए से चिनगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसकी सूचना दी। इस दौरान विमान में हजयात्री बैठे हुए थे। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

एयरपोर्ट की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर फोम और पानी का छिड़काव किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पाया। घटना का वीडियो सोमवार सुबह सामने आया।

विमान शनिवार रात 11:30 बजे जेद्दा एयरपोर्ट से हज यात्रियों को लेकर रवाना हुआ था। इसमें क्रू मेंबर्स समेत 250 यात्री सवार थे। रविवार सुबह 6:30 बजे विमान लखनऊ पहुंचा। रनवे पर लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी-वे पर आ रहा था, तभी यह घटना हुई।

14 जूनः एअर इंडिया फ्लाइट में 5 घंटे बिना AC के रहे पैसेंजर

फ्लाइट में कागज से हवा करते पैसेंजर्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

फ्लाइट में कागज से हवा करते पैसेंजर्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

एअर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट IX-196 में पैसेंजर्स को 5 घंटे से ज्यादा समय तक बिना एयर कंडीशनर (AC) के बैठाए रखा गया। इस दौरान उन्हें पीने का पानी या अन्य किसी तरह की मदद नहीं मिली। इसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

फ्लाइट में 150 से ज्यादा पैसेंजर थे। फ्लाइट 13 जून की शाम 7:25 बजे दुबई से जयपुर के लिए रवाना होना था, लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से यह रात 12:44 बजे उड़ान भर सकी। जयपुर एयरपोर्ट पर यह फ्लाइट 14 जून की सुबह पहुंची।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *