कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता सरकार घुसपैठ को रोक नहीं पा रही है। अगर राज्य में भाजपा सरकार बनी तो यहां परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा।
शाह के दौरे का आज दूसरा दिन है। वे यहां राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीएमसी के 15 साल के शासन में लोग भयभीत हैं।
शाह ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में विकास की गंगा बहेगी, क्योंकि टीएमसी के शासन में बंगाल का विकास थम गया है। मोदी सरकार देश में गरीबी का उन्मूलन कर रही है। बंगाल में सभी योजनाएं डेड एंड पर पहुंच गई हैं।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 तक है। चुनाव मार्च-अप्रैल 2026 में होना लगभग तय है। यहां कुल 294 सीटें हैं, TMC की सरकार है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं।
शाह की बड़ी बातें…
- बंगाल में घुसपैठ पर: बंगाल की जनता घुसपैठियों से त्रस्त है। कोई सरकार ऐसी हो सकती है कि जो घुसपैठियों की पनाहगार बने। ये राष्ट्र की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। ये बंगाल नहीं, पूरे देश की सुरक्षा का मामला है। इसे केवल राष्ट्रवादी सरकार यानी भाजपा की सरकार ही तय कर सकती है।
- महिला सुरक्षा पर: बंगाल सरकार महिलाओं को उनका अधिकार देने में विफल रही है। संदेशखाली, आरजी कर समेत और भी मामले हैं। ममता सरकार इन्हें सुरक्षा देने में विफल रही है।
- हिंदुओं की स्थिति पर: अब मरहम लगाने से कुछ नहीं होता है। बंगाल के हिंदुओं के दिल पर गंभीर घाव हो गया है। अब ममता सरकार के जाने का समय हो गया है। जनता भी चाहती है कि हम इस सांप्रदायिक सरकार को हटा दें।
- बंगाल के विकास पर: टीएमसी के शासन में बंगाल का विकास थम गया है। मोदी सरकार देश में गरीबी का उन्मूलन कर रही है। बंगाल में सभी योजनाएं डेड एंड पर पहुंच गई हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बने रूल्स ममता सरकार तोड़ देती है। मनमानी करती है। प्रॉक्सी अधिकारी बैठाती है।
- 2026 चुनाव में जीत पर: 2026 के बंगाल के चुनाव में हमारी सरकार बनेगी। इसका मजबूत आधार हमारे पास है। बीजेपी प्रचंड जीत के साथ सरकार बनाएगी।
- PM मोदी से विरोध पर: बंगाल में पीएम विरोध मानसिकता फैला रही हैं। किसी भी राज्य में पीएम जाते हैं तो पीएम होते हैं। पीएम जब यहां आते हैं तो ममता स्टेज पर नहीं आती हैं। बंगाल के किसानों का 10 हजार करोड़ रुपए बंगाल सरकार की कमी के कारण वापस चला गया। बंगाल सरकार ने आयुष्मान योजना लागू नहीं की।
- बंगाल के विकास पर: सबसे पहला मोटरखाना, स्टील प्लांट, हाईराइज बिल्डिंग, दो पोर्ट, आधुनिक यूनिवर्सिटी भी बंगाल में है। लेकिन कुछ भी ममता सरकार के समय में नहीं हुआ है। बंगाल की विकास की गति को ममता ने तोड़ा है। आधा बर्बाद कम्युनिस्टों ने किया था, ममता ने पूरा बर्बाद कर दिया।
सवाल
- कौन सरकार है जो बॉर्डर पर फेसिंग के लिए जगह नहीं दे रही है, वह सरकार आपकी है।
- घुसपैठिया गांव में घुसता है तो उस पर किसी तरह का एक्शन क्यों नहीं लिया जाता।
- आपकी सरकार क्या कर रही है, घुसपैठियों को वापस क्यों नहीं भेज रही।
- बंगाल की तरह कश्मीर, असम, त्रिपुरा के बॉर्डर पर घुसपैठ क्यों नहीं हो रही है।

