मुर्शिदाबाद/कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में TMC से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने शनिवार को बाबरी के नाम पर मस्जिद की नींव रख दी है। राज्य भर से दो लाख से ज्यादा की संख्या में लोग ईंट लेकर इस कार्यक्रम में पहुंचे।
बेलडांगा समेत आसपास का इलाका आज हाई अलर्ट पर है। बेलडांगा और रानीनगर थाने के इलाका और उसके आसपास सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की 19 टीमें, रैपिड एक्शन फोर्स, बीएसएफ, स्थानीय पुलिस की कई टीमों समेत 3 हजार से ज्यादा जवान तैनात किए हैं।
कोलकाता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मस्जिद निर्माण पर रोक लगाने से इनकार किया था। कोर्ट ने कहा- कार्यक्रम के दौरान शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद हुमायूं कबीर मस्जिद की नींव रख रहे हैं।
हुमायूं कबीर ने 25 नवंबर को कहा था कि वे 6 दिसंबर को अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस के 33 साल पूरे होने पर बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखेंगे। TMC ने 4 दिसंबर को हुमायूं कबीर को पार्टी से सस्पेंड कर दिया था।

बेलडांगा में शनिवार को हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हैं।

बेलाडांगा में मस्जिद निर्माण के लिए मालदा सहित कई जिलों से कंस्ट्रक्शन सामान लदे ट्रैक्टर पहुंच रहे हैं।

बेलडांगा में जगह-जगह बाबरी मस्जिद शिलान्यास के पोस्टर लगाए गए हैं।

बाबरी मस्जिद के निर्माण के लिए लोगों से चंदा भी इकट्ठा किया जा रहा है।

बेलडांगा के कार्यक्रम के चलते मुर्शिदाबाद जिले में 3 हजार से ज्यादा सुरक्षाबल की तैनाती की गई है।

बेलडांगा में 150 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा स्टेज तैयार किया गया है।
हुमायूं कबीर बोले- मस्जिद निर्माण रोकने की साजिशें रची गईं
TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने शनिवार को मस्जिद निर्माण को लेकर कहा- दोपहर 2 बजे तक, मैं बेलडांगा में मस्जिद की नींव रखूंगा। कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती। हम कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करेंगे।
कबीर ने कहा- हिंसा भड़काकर कार्यक्रम को बाधित करने की साजिशें रची जा रही हैं। बंगाल के विभिन्न जिलों से लाखों लोग ऐसी कोशिशों को नाकाम कर देंगे। यह एक शांतिपूर्ण समारोह होगा। 2000 से ज्यादा वॉलंटियर्स ड्यूटी पर तैनात हैं।
हुमायूं का दावा- 3 लाख से ज्यादा लोग जुटेंगे
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने विधायक हुमायूं कबीर की टीम के साथ बैठक की थी। कबीर ने कहा कि वे शनिवार को बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखेंगे। पूरा कार्यक्रम प्रशासनिक गाइडलाइनों के मुताबिक ही किया जाएगा।
हुमायूं ने बताया कार्यक्रम में सऊदी अरब से धार्मिक नेता आ रहे हैं। 25 बीघा में कार्यक्रम होना है। 3 लाख से ज्यादा लोग इसमें जुटेंगे। 150 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा स्टेज तैयार किया गया है। 400 से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए 60 हजार से ज्यादा बिरयानी पैकेट तैयार कराए गए हैं। 3 हजार से ज्यादा वॉलंटियर्स व्यवस्था को संभालेंगे। कार्यक्रम स्थल NH-12 के करीब है। ट्रैफिक व्यवस्था न बिगड़े, इसकी भी पूरी तैयारी की गई है।

