नई दिल्ली : नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) ने मंगलवार को देश में 2023 के दौरान हुए अपराधों की रिपोर्ट सार्वजनिक की। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में देश में कुल 62 लाख 41 हजार 569 अपराध दर्ज हुए। ये 2022 की तुलना में 7.2% ज्यादा हैं।
देशभर में महिलाओं पर 4.48 लाख अपराध दर्ज हुए, जो 10 साल में सबसे ज्यादा हैं। दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान (5,078 केस) का पहला स्थान है। हत्या के मामले में यूपी (3,206 केस) सबसे आगे है।
वहीं, देशभर में बड़े क्राइम जैसे हत्या, दुष्कर्म और लूट के मामलों में कमी देखी गई है। हालांकि, इनमें दुष्कर्म के केस सबसे ज्यादा दर्ज किए गए। दूसरे नंबर पर हत्या और तीसरे पर लूट के केस दर्ज हुए।
हत्या-अपहरण के मामलों में यूपी-बिहार ऊपर
इस रिपोर्ट के मुताबिक राज्यों में हत्या और अपहरण के मामलों में उत्तर प्रदेश और बिहार सबसे ऊपर हैं। यानी गंभीर अपराधों की संख्या अन्य राज्यों की तुलना में इन दोनों राज्यों में सबसे अधिक है। इसके अलावा, सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में भी यूपी टॉप पर है, जो राज्य में बढ़ती ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की चिंताओं को दर्शाता है।
2023 में साइबर अपराध के 86,420 मामले जबकि 2022 में 65,893
एनसीआरबी आंकड़ों के मुताबिक देश में वर्ष 2023 में साइबर अपराध के 86,420 मामले सामने आए हैं जबकि 2022 में इसकी संख्या 65,893 थी। वहीं देश में हर घंटे बलात्कार और हत्या की तीन घटनाएं हो रही हैं। वर्ष 2023 में हत्या के 27,22 मामले सामने आए हैं। वर्ष 2022 में हत्या के 28,522 मामले सामने आए थे। इससे साफ है कि हत्या के मामलों में 2.8 फीसदी की कमी आई है। इसी तरह अनुसूचित जनजाति के खिलाफ अपराध के मामलों में 28.8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2022 में ऐसे मामलों की संख्या 10,064 थी जो 2023 में 12,960 हो गई है।
अपराध की कुल दर वर्ष 2022 में 9.6 जबकि 2023 में 12.4 फीसदी
अपराध की कुल दर वर्ष 2022 में 9.6 फीसदी थी जो 2023 में बढ़कर 12.4 फीसदी हो गई है। वहीं कुल आपराधिक मामलों में वर्ष 2023 में सर्वाधिक उत्तर प्रदेश में 793020 केस, महाराष्ट्र में 596103, तीसरे स्थान पर केरल में 584373 मामले दर्ज हुए। वहीं मध्यप्रदेश में 495708, राजस्थान में 317480 और छत्तीसगढ़ में 115493 मामले दर्ज हुए। देश के 19 मेट्रो शहरों की तुलना में दिल्ली में दहेज हत्या और बलात्कार के सबसे अधिक मामले दर्ज हुए। दिल्ली दहेज हत्या के 114 जबकि बलात्कार के 1088 केस दर्ज हुए।
महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े
वहीं 2023 में देश में महिलाओं के खिलाफ 448211 मामले दर्ज किए गए। इसमें 2022 की तुलना में मामूली बढ़ोतरी हुई है। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 66381 मामले समाने आए, उसके बाद महाराष्ट्र में 47101 और फिर राजस्थान में 45450 मामले दर्ज हुए। इसी तरह पति द्वारा क्रूरता के 4219 मामले दर्ज हुए। ये आंकड़े जयपुर, मुंबई, इंदौर, कानपुर और गाजियाबाद में दर्ज मामलों से अधिक हैं।
सड़क दुर्घटनाओं में हुई बढ़ोतरी
देश में 2023 में सड़क दुर्घटनाओं में 1.73 लाख से अधिक लोग मारे गए और 4,47,969 लोग जख्मी हुए। इनमें से 45.8 फीसदी मामले दोपहिया वाहन से जुड़े थे जबकि तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के दो बड़े कारण थे। करीब 4,64,029 सड़क दुर्घटनाओं में से 95,984, घटनाएं शाम छह से रात नौ बजे के बीच हुईं, जो कुल सड़क दुर्घटनाओं का 20.7 प्रतिशत है। दोपहिया वाहनों से 79,533 मौतें हुईं। इसी तरह 27,586 पैदल यात्रियों की मौत हो गई।

