Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

शराब घोटाला भाजपा ने किया है:AAP के खिलाफ बयान देने वाला मंगूटा अब NDA से चुनाव लड़ रहा : संजय सिंह

नई दिल्ली : AAP नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके शराब घोटाले के पीछे भाजपा का हाथ बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया है।

जांच एजेंसी ED ने TDP सांसद मंगुटा रेड्डी और उनके पिता राघव रेड्डी पर दबाव डालकर केजरीवाल के खिलाफ बयान दिलवाया है।

संजय सिंह ने आगे कहा कि मंगुट्टा रेड्डी अब प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाकर चुनाव लड़ रहे हैं। दरअसल, आंध्र प्रदेश में तेलगु देशम पार्टी (TDP), NDA की सहयोगी पार्टी है।

सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बुधवार शाम संजय सिंह तिहाड़ जेल से रिहा हुए। वे छह महीने से जेल में बंद थे।

संजय सिंह के 2 बड़े बयान…

  1. संजय सिंह ने कहा कि एक व्यक्ति हैं; मगुंटा रेड्डी, जिन्होंने 3 बयान दिए, उनके बेटे राघव मगुंटा ने 7 बयान दिए। 16 सितंबर को जब मगुंटा रेड्डी से पहली बार ED ने पूछा था कि क्या वह अरविंद केजरीवाल को जानते हैं, उन्होंने सच बताया और कहा कि उनकी मुलाकात अरविंद केजरीवाल से हुई थी, लेकिन चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन के मामले में। उसके बाद उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया और 5 महीने जेल में रखने के बाद उनके पिता ने अपना बयान बदल दिया।
  2. संजय सिंह ने आगे कहा कि 10 फरवरी से 16 जुलाई तक राघव मगुंटा के 7 बयान लिए गए। इनमें से 6 बयानों में उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ कुछ नहीं कहा, लेकिन 16 जुलाई को 7वें बयान में उन्होंने अपना रुख बदल लिया और साजिश का हिस्सा बन गए। 5 महीने की प्रताड़ना के बाद उन्होंने अपना बयान बदल दिया और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ खड़े हो गए।

जेल से लेटर लिखकर सिसोदिया बोले- जल्दी बाहर मिलेंगे
दिल्ली शराब नीति केस में तिहाड़ में बंद पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने जेल से अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को चिट्ठी लिखी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें उन्होंने लिखा- हम जल्दी बाहर मिलेंगे। शिक्षा क्रांति जिंदाबाद, लव यू ऑल।

सिसोदिया की चिट्ठी की 3 मुख्य बातें…

मुझे खुशी है मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में शिक्षा क्रांति लाई गई। मैं यहां पिछले एक साल से हूं। इस दौरान मुझे सबकी याद आई। हम सबने दिल्ली की जनता के लिए ईमानदारी से काम किया।

जिस तरह अंग्रेजों की तानाशाही के खिलाफ उस समय लंबी लड़ाई लड़ी गई थी। उसी तरह अब हम अच्छी शिक्षा और स्कूल के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। आजादी के पहले अंग्रेजों को अपनी सरकार का बहुत घमंड था। अंग्रेज शासक भी झूठे आरोप लगाते थे और लोगों को जेल में डाल देते थे। उन्होंने कई सालों तक गांधीजी और नेल्सन मंडेला को जेल में रखा था। ये दोनों ही मेरी प्रेरणा है।

दिल्ली की जनता ही मेरी ताकत है। देश को विकसित होने के लिए अच्छी शिक्षा और स्कूल का होना जरूरी है। एक दिन हर बच्चे को सही और अच्छी शिक्षा मिलेगी। मुझे पंजाब में शिक्षा क्रांति की खबर पढ़कर सुकून मिलता है। जब से मैं जेल में हूं तब से आप लोगों के प्रति मेरा प्यार और भी बढ़ गया है। आप लोगों ने मेरी पत्नी का भी बहुत ध्यान रखा। मेरी पत्नी सीमा आपकी बात करके भावुक हो जाती हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *