नई दिल्ली/बेंगलुरु/मुंबई/हैदराबाद : केंद्र सरकार ने देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नए नियमों से राहत दे दी है। सरकार ने अपना वह आदेश तत्काल वापस ले दिया है, जिसके तहत पायलटों समेत अन्य क्रू को हर 7 दिनों में लगातार 48 घंटे का वीकली रेस्ट देना अनिवार्य किया गया था।
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के नए नियमों में वीकली रेस्ट और छुट्टियों को अलग-अलग मानने का प्रावधान था। यह नियम पायलटों और अन्य क्रू के थकान को कम करने के लिए बनाया गया था। हालांकि, अब क्रू को पहले की तरह हर 7 दिनों में लगातार 36 घंटे का आराम मिलेगा।
DGCA के नए नियमों के कारण इंडिगो शुक्रवार को लगातार चौथे दिन क्रू मेंबर्स (पायलट सहित अन्य फ्लाइट स्टाफ) की कमी से जूझती दिखी। इसके कारण दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद सहित कई एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं।
एयरपोर्ट पर हालात बदतर हैं। यात्री 24-24 घंटे से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें फ्लाइट्स की जानकारी नहीं मिल रही है। दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री पानी, खाना और जरूरी सामानों के लिए स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों से बहस करते और झगड़ा करते देखे गए। कई जगह मारपीट की नौबत आ गई।

छत्तीसगढ़ के रायपुर एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों सुरक्षाकर्मी और इंडिगो के कर्मचारियों से भिड़ गए।

दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री सुरक्षाबल के साथ धक्का-मुक्की करते देखे गए।

एक यात्री इंडिगो के स्टाफ से झगड़ते दिखा। बच्चे के लिए सेनेटरी नैपकिन मांग रहा था।
दिल्ली एयरपोर्ट सभी फ्लाइट्स रद्द
- दिल्ली IGI: दिल्ली में सबसे ज्यादा 225 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। इंडिगो ने दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सभी घरेलू फ्लाइट्स आज रात 12 बजे तक रद्द कर दी हैं। टर्मिनल पर हजारों सूटकेस पड़े रहे। कई यात्रियों को 12 घंटे से ज्यादा अपना सामान लेने में लगे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि यात्री फर्श और सीढ़ियों पर बैठकर घंटों उड़ानों का इंतजार करते रहे।
- मुंबई: कई फ्लाइट्स रद्द होने के बाद इंडिगो काउंटर पर लंबी कतारें लगीं।
- रायपुर: बुजुर्गों और छोटे बच्चों को कुर्सियों पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्री स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से बहस करते दिखे।
- पुणे: यहां के एयरपोर्ट आज सुबह से 32 फ्लाइट्स रद्द हो गईं। रद्द फ्लाइट्स के बाद यात्रियों का सामान ट्रॉलियों में जमा रहा। यात्रियों को सामान वापस लेने में लंबा इंतजार करना पड़ा।
- हैदराबाद: यहां 32 उड़ानें रद्द हुई हैं। उड़ान कैंसिल होने और देरी के कारण देश भर में हजारों यात्री परेशान है।
- बेंगलुरु: बेंगलुरु102 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। यहां भी लोग एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार कर वापस लौटते देखे गए।
इधर, इंडिगो ने डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) से फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नियमों से 10 फरवरी 2026 तक छूट देने की अपील की है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि तीन महीने के भीतर उसकी परिचालन स्थिति फिर से सामान्य हो जाएगी।
बच्चे-बूढ़े परेशान, सीढ़ियों-कुर्सियों पर रात गुजारी… 6 तस्वीरों में देखिए

दिल्ली: IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल पर गुरुवार को हजारों सूटकेस पड़े देखे गए। यात्री 12 घंटे से ज्यादा समय तक अपना सामान पाने के लिए संघर्ष करते रहे।

दिल्ली: IGI एयरपोर्ट पर गुरुवार को भीड़ इतनी बढ़ गई कि यात्रियों ने फर्श और सीढ़ियों पर बैठकर घंटों फ्लाइट का इंतजार किया।

मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को कई उड़ानें रद्द होने के बाद यात्री इंडिगो काउंटर पर लंबी कतारों में खड़े रहे।

छत्तीसगढ़: रायपुर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुजुर्ग यात्रियों को कुर्सियों पर घंटों बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा। छोटे बच्चों को कुर्सियों पर सुलाना पड़ा।

पुणे: गुरुवार को कई फ्लाइट्स कैंसिल होने के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों का सामान ट्रॉलियों में रखा था। यात्रियों को सामान वापस लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
यात्री बोले- दूसरी एयरलाइंस ने किराया डबल किया
गोवा एयरपोर्ट पर एक यात्री ने बताया- मुझे रायपुर जाना था। एयरपोर्ट पर पता चला कि हमारी उड़ान रद्द कर दी गई है। वे हमें एक्सचेंज ऑफर दे रहे हैं। कह रहे हैं कि हम की फ्लाइट से चल जाएं, लेकिन यह तय नहीं है कि वह उड़ान रवाना होगी भी या नहीं। कल की फ्लाइट का समय तक नहीं बता रहे हैं। अब गोवा में एक दिन और रुकना मजबूरी हो गई है।
गोवा में एक अन्य यात्री ने कहा- हम अभी दिल्ली से गोवा एयरपोर्ट पर पहुंचे हैं। यहां से लक्षद्वीप के लिए हमारी कनेक्टिंग फ्लाइट थी, लेकिन देर से पहुंचने के कारण वो फ्लाइट छूट गई। यह सब इंडिगो की वजह से हुआ है। वे हमारी कोई मदद भी नहीं कर रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी किसी ने कुछ भी नहीं बताया था।
गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक यात्री ने बताया, ‘कल (4 दिसंबर) दोपहर में अहमदाबाद से वाराणसी के लिए मेरी फ्लाइट थी। कई बार देरी के बाद फ्लाइट रद्द कर दी, लेकिन अब तक हमारा सामान वापस नहीं मिला है।’
DGCA ने इंडिगो से हर 15 दिन में प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी
DGCA अधिकारियों ने गुरुवार को इंडिगो एयरलाइन के अधिकारियों से मुलाकात की। एयरलाइन ने अपने A320 बेड़े के विमानों के लिए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के कुछ प्रावधानों में अस्थायी छूट मांगी है और कहा कि संचालन सामान्य करने में तीन महीने लग सकते हैं।
DGCA ने इंडिगो से सुधार के लिए कुछ जरूरी पहलुओं पर काम करने को कहा है। DGCA ने इंडिगो से क्रू की भर्ती, ट्रेनिंग रोडमैप, रोस्टर रीस्ट्रक्चरिंग, सेफ्टी प्लान देने और हर 15 दिन में प्रोग्रेस रिपोर्ट भेजने को कहा।
इधर, इंडिगो फ्लाइट्स के कैंसिल होने का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हर दिन लगभग 170-200 उड़ानें कैंसिल हो रही हैं। गुरुवार को दिल्ली-मुंबई समेत 10 से ज्यादा एयरपोर्ट पर 550+ फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। इंडिगो ने यात्रियों से माफी भी मांगी और कहा कि वह ऑपरेशन जल्द ठीक करने पर काम कर रही है।

