तेल अवीव/तेहरान : इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हमला कर दिया है। एक अमेरिकी अधिकारी ने अल जजीरा को बताया है कि ईरान पर किए गए हमले अमेरिका और इजराइल की जॉइंट सैन्य कार्रवाई का हिस्सा है।
इसके तहत ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई के दफ्तर के पास हमला किया गया। हमले के बाद ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई को सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया गया है। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार सुबह हुए इस हमले के बाद शहरों में धुएं का गुबार नजर आ रहा है।
यह हमला ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु हथियारों को लेकर चल रही बातचीत के बीच हुआ है। दरअसल, अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने परमाणु हथियार सीमित करें।
ट्रम्प ने बुधवार को संसद में ईरान पर आरोप लगाया था कि ईरान अमेरिका तक मार करने में सक्षम मिसाइलें विकसित कर रहा है। ट्रम्प ने कई बार चेतावनी दी थी कि वार्ता विफल होने पर अमेरिका सैन्य कार्रवाई कर सकता है।

इजराइल ने शनिवार को ईरान के कई शहरों पर हमला कर दिया।

हमले के बाद ईरान की राजधानी तेहरान में आसमान में धुएं का गुबार उठता नजर आया।

रेसिडेंशियल इलाके के पास नजर आता धुंआ।

ईरान के तेहरान समेत कई शहरों में धमाके सुने गए हैं और हवाई हमलों के सायरन बज रहे हैं।

हमले के बाद ईरान ने सभी उड़ानें रोक दी हैं और एयरस्पेस पूरी तरह खाली करा लिया गया है।
अमेरिका ने हमले की धमकी दी थी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान पर हमले की धमकी दी थी। अमेरिकी सेना पहले ही ईरान को चारों तरफ से घेर चुकी है। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका ने अपने नागरिकों से तुरंत इजराइल छोड़ने के लिए कहा था।
वहीं, इजराइल डिफेंस फोर्स ने ईरान पर हमले की जानकारी देते हुए इसे ‘प्रिवेंटिव अटैक’ बताया है। तेहरान समेत कई शहरों में धमाके सुने गए हैं और हवाई हमलों के सायरन बज रहे हैं।
हमले के बाद ईरान ने सभी उड़ानें रोक दी हैं और एयरस्पेस पूरी तरह खाली करा लिया गया है। इधर इजराइल में भी एयर अटैक सायरन सुनाई दे रहे हैं। संवेदनशील इलाकों को खाली कराया जा रहा है। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।
इजराइल की खुफिया एजेंसी बोली- ईरानी भाइयों और बहनों, आप अकेले नहीं हैं
इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने अपने आधिकारिक फारसी भाषा के टेलीग्राम चैनल पर ईरानियों से अपील की है।
मोसाद ने अपने बयान में कहा कि हमारे ईरानी भाइयों और बहनों, आप अकेले नहीं हैं। हमने खास तौर पर आपके लिए एक सुरक्षित टेलीग्राम चैनल शुरू किया है।
मोसाद ने ईरानियों से यह भी कहा है कि वे अपने संघर्ष की तस्वीरें और वीडियो हमारे साथ साझा करें।


ओमान का दावा- न्यूक्लियर मैटेरियल नहीं रखने पर ईरान ने सहमति दी थी
हमले से कुछ समय पहले ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने दावा किया है कि ईरान ने परमाणु बम बनाने लायक न्यूक्लियर मैटेरियल कभी न रखने पर सहमति दी है।
उन्होंने इसे ऐतिहासिक सफलता बताते हुए कहा था कि अमेरिका-ईरान शांति समझौता अब ‘हमारी पहुंच में’ है।

