चित्रदुर्ग : कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बुधवार देर रात स्लीपर बस में टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में बस में सवार 10 से ज्यादा लोग जिंदा जल गए। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह आंकड़ा 12 और 17 बताया जा रहा है। हादसा NH‑48 पर हिरियूर तालुक के पास हुआ। बस बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बस में 30 से ज्यादा यात्री थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात 2.30 बजे तेज रफ्तार लॉरी डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ से जा रही प्राइवेट कंपनी की सीबर्ड ट्रांसपोर्ट की बस से टकरा गई। बस में तुरंत आग लग गई। उस समय यात्री सो रहे थे। इस कारण उन्हें खुद को बचाने का मौका नहीं मिला।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि हिरियूर से बेंगलुरु जा रही लॉरी के ड्राइवर ने लापरवाही से डिवाइडर पार किया। इसी दौरान बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही स्लीपर बस से टक्कर हो गई। इसके बाद आग इतनी तेजी से फैल गई कि कई यात्री बस के अंदर फंस गए। यह बस सी बर्ड नाम की एक प्राइवेट सर्विस की थी। घटना के समय बस में कुल 32 यात्री सवार थे। यह लापरवाही का मामला बताया जा रहा है। टक्कर के तुरंत बाद बस में तेज आग भड़क उठी जिसमें 10 से ज्यादा लोगों की जलकर मौत हो गई।
आग लगने के तुरंत बाद, कई घायल यात्रियों को गंभीर जलने की चोटों के साथ पास के अस्पतालों में ले जाया गया, और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद का वीडियो सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि जब बस में आग लगी हुई थी, तब बस के पास स्थानीय लोग मौजूद थे।
धूं-धूकर जली बस, वीडियो आया सामने-
बस कंडक्टर ने क्या बताया?
प्राइवेट बस का ड्राइवर चोटिल है, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, बस का कंडक्टर मोहम्मद सलीम को हल्की चोट आई है। उसने बताया, ”मैं उस समय सो रहा था अचानक आवाज आई और खिड़की का शीशा टूट गया। मैं बस से बाहर गिर गया मुझे इतना ही याद है, इसके बाद क्या हुआ मुझे पता नहीं। कुछ लोग मुझे अस्पताल लेकर आ गए, मेरे हाथों और पैर में चोट लगी है।”

