बर्न : स्विट्जरलैंड के क्रांस मोंटाना शहर के ‘अल्पाइन स्की रिसॉर्ट’ में गुरुवार को न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान विस्फोट हुआ। न्यूज मीडिया ‘द मिरर’ ने लोकल मीडिया से हवाले से बताया कि विस्फोट में 40 लोग मारे गए हैं, जबकि 100 से ज्यादा घायल हैं।
स्विट्जरलैंड पुलिस ने गुरुवार को स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें बताया कि विस्फोट रिसॉर्ट के कॉन्स्टेलेशन बार में रात 1:30 बजे हुआ। हालांकि पुलिस ने मरने वालों की संख्या नहीं बताई गई लेकिन कहा कि कई दर्जन लोगों की मौत की आशंका है, जिनमें कई देशों के नागरिक शामिल हैं।
फिलहाल क्रांस-मोंटाना शहर को नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। पुलिस और इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल झुलसे हुए मरीजों से भर गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वर्ल्ड फेमस टूरिस्ट प्लेस इंटरलाकेन से 100km दूर है क्रांस मोंटाना
हादसे वाली जगह क्रांस मोंटाना एडवेंचर गेम्स के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध टूरिस्ट प्लेस इंटरलाकेन से करीब 100km की दूरी पर है। वहां पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग और ट्रेकिंग के लिए दुनियाभर के लोग पहुंचते हैं। थून और ब्रिएंज झील के बीच बसे इंटरलाकेन से आल्प्स माउंटेन रेंज के आइगर, मोंक और जुंगफ्राउ पर्वतों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।

पुलिस ने आग लगने के बाद की एक तस्वीर जारी की है, जिसमें बार की छत दिखाई दे रही है। इसमें कुर्सियां, बेंच और उनके कुशन कमरे में इधर-उधर बिखरे हुए हैं।

यह तस्वीर हादसे के बाद की है, जब रेस्क्यू टीम घायलों को हॉस्पिटल ले जाने के लिए पहुंची थी।

घटनास्थल को सील कर दिया गया है और स्विस पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

हादसे के बाद गुरुवार सुबह इलाके में सन्नाटा था, यहां पुलिस और रेस्क्यू दस्ता ही दिखाई दिया।
आतिशबाजी की वजह से ब्लास्ट की आशंका
स्विस न्यूज आउटलेट ब्लिक के मुताबिक यह धमाका और उसके बाद लगी आग शायद एक कॉन्सर्ट के दौरान आतिशबाजी की वजह से हुई हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विस्फोट वाली जगह और आसपास का इलाका सील कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हर 10 मिनट में रेस्क्यू हेलिकॉप्टर उड़ते नजर आए।
स्विस मीडिया के मुताबिक, सभी उपलब्ध रेस्क्यू हेलिकॉप्टर मदद के काम में लगाए गए हैं। इटली ने भी एक हेलिकॉप्टर भेजा है।

