Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

अपहरण, तिगुनी उम्र के शख्स से शादी और रेप…पिता से विवाद में घर से निकली नाबालिग किस हाल में मिली?

  • दिल्ली में पिता से नाराज होकर घर से निकली 13 साल की लड़की मानव तस्करी गिरोह के हाथ लग गई

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक चौंकाने वाला सामने आया है, जहां एक 13 साल की लड़की के साथ ज्यादती की सारी हदें पार कर दी गईं। दिल्ली निवासी 13 साल की लड़की अपने पिता से विवाद होने के बाद घर से नाराज होकर निकली थी। माता-पिता ने पुलिस को उसके लापता होने की शिकायत दी तो पुलिस पड़ताल में जुटी। इसी बीच लड़की के यूपी के शामली में होने का पता चला। पुलिस ने छापा मारकर लड़की को बरामद किया है। इसके बाद लड़की ने अपने साथ हुई ज्यादती पुलिस को बताई तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

उत्तर पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर से लापता हुई लड़की

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) भीष्म सिंह ने बताया कि उत्तर पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर स्थित जेजे कॉलोनी निवासी 13 साल की लड़की बीती 21 जुलाई को लापता हो गई थी। उसके पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटी के साथ मामूली झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से बाहर निकल गई। फिर नहीं लौटी। इसके बाद भारत नगर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और एक टीम गठित की गई।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और स्‍थानीय सूत्रों के हवाले से लड़की की खोजबीन में लगी थी। इसी बीच एक दिन उसके पिता के मोबाइल पर अनजान नंबर से एक मिस्ड कॉल आई। पलटकर कॉल करने पर फोन रिसीव करने वाली महिला ने बताया कि उसकी बहू ने गलती से फोन कर दिया होगा। इसके बाद पुलिस ने उस नंबर की पड़ताल की तो वह शामली जिले का निकला। पुलिस की एक टीम ने उस पते पर छापा मारा तो वहां लड़की बरामद हो गई।

लड़की ने पुलिस को बताई आपबीती

डीसीपी ने बताया कि लड़की ने पूछताछ में अपने साथ हुई हैवानियत की जानकारी दी तो अधिकारियों के भी कान खड़े हो गए। दरअसल, घर से नाराज होकर निकली मासूम परेशान हालत में इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पहुंची। यहां से मेट्रो में चढ़कर वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद वह एक लोकल ट्रेन से मेरठ पहुंच गई। जहां उसे हापुड़ निवासी 20 साल का विकास मिला। विकास ने उसे परेशान हाल में देखा तो सहानुभूति जताते हुए बरगलाकर अपने घर ले गया। जहां उसने लड़की को 50 साल के आशु के घर में कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा।

मेरठ में बंधक बनाया, शामली में जबरन शादी

डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि आशु ने उसे शामली निवासी 40 साल के राजीव को बेच दिया। राजीव ने नाबालिग से जबरन शादी की और उसे अपने घर ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म भी किया। इस दौरान राजीव के कहने पर गाजियाबाद में साइबर कैफे चलाने वाले रमनजोत ने ऑनलाइन पीडीएफ एडिटिंग एप्लीकेशन की मदद से पीड़िता का फर्जी आधारकार्ड तैयार किया। इसमें उसे बालिग दिखाया गया। पुलिस ने 16 अगस्त को आरोपी 20 साल के विकास, 50 साल के आशु, 40 साल के राजीव और 24 साल के रमनजोत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास पुलिस को चार मोबाइल फोन और साजिश में इस्तेमाल जाली दस्तावेज बरामद हुए हैं।

रेप और यातनाओं से परेशान पीड़िता को याद आया घर

पुलिस का कहना है कि राजीव ने उससे जबरन शादी की और रोज-रोज दुष्कर्म करता था। इसके अलावा उसे राजीव के घर का सारा काम करना पड़ता था। इन यातनाओं से परेशान होने के बाद उसे अपने घर की याद आई। उसके पास घर आने का कोई रास्ता नहीं बचा था। इसके चलते उसने अपने पिता के मोबाइल पर एक दिन मौका पाकर मिस्ड कॉल दी, लेकिन बात करने की हिम्मत नहीं हुई। हालांकि पिता ने पुलिस को इसकी जानकारी देकर बच्ची को मुक्त करवा लिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *