जयपुर : प्रदेश की जनता को 1 अप्रैल से बड़ी राहत मिलने वाली है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से की गई बजट घोषणाओं का लाभ प्रदेश की जनता एक अप्रैल से ले सकेगी। बजट घोषणाओं में तकरीबन एक दर्जन घोषणा ऐसी हैं जिनका लाभ सीधे प्रदेश की जनता को मिलेगा। इनमें चिरंजीवी बीमा योजना में 25 लाख तक इलाज, 100 यूनिट बिजली फ्री और 500 रुपए में रसोई गैस जैसी योजनाएं भी शामिल हैं।
गहलोत सरकार के इस कदम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज प्रदेश के 2 लाख से ज्यादा लाभार्थियों से भी सीधा संवाद करेंगे और अपनी ही सरकार की योजनाओं का फीडबैक भी लेंगे।
पहले चिरंजीवी बीमा योजना में 10 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज मिलता था लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने पांचवें और अंतिम बजट में चिरंजीवी बीमा योजना में 25 लाख रुपए तक का इलाज फ्री कर दिया है जिससे मरीजों को 25 लाख रुपए तक का इलाज मिल सकेगा। चिरंजीवी योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सरकार ने हाल ही में राइट टू हेल्थ बिल भी पारित कर दिया है, जिससे प्राइवेट अस्पताल भी चिरंजीवी बीमा योजना के तहत मरीजों के इलाज करने में आनाकाना नहीं कर सकेंगे।

