- आप सांसद राघव चड्ढा ने मुंबई एयरपोर्ट पर महज 10 रुपए में चाय का लुत्फ उठाया और उसका वीडियो भी शेयर किया, वीडियो में राघव चाय का बिल दिखाते हुए भी नजर आ रहे हैं
मुंबई: आप सांसद राघव चड्ढा ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह मुंबई एयरपोर्ट पर सिर्फ 10 रुपए में चाय का लुत्फ उठाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “मैंने मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ान यात्री कैफे में चाय पी, वो भी सिर्फ 10 रुपये में।”
राघव ने कहा, “मैं दिल्ली जा रहा था और फ्लाइट से पहले चाय पीना चाहता था। वहां कई यात्रियों से बात की। सभी खुश थे और सब एक ही बात कह रहे थे: जेब पर भारी नहीं, बढ़िया सर्विस, पैसे वसूल। किफायती एयरपोर्ट खाना मुमकिन है और ये रहा सबूत।” बता दें कि राघव ने मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ान यात्री कैफे में 10 रुपए में चाय पी है।
राघव ने क्यों की चाय की चर्चा?
राघव ने इस मुद्दे पर इसलिए चर्चा की क्योंकि वह संसद (राज्यसभा) में महंगे प्रोडक्ट्स के मुद्दे को बार-बार उठा चुके हैं। उन्होंने एयरपोर्ट पर महंगे खाने-पीने की शिकायत भी की थी और किफायती कैंटीन/कैफे खोलने की मांग की थी।
राघव चड्ढा, आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद हैं और अक्सर राज्यसभा में आम आदमी की रोजमर्रा की समस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। वे उपभोक्ता अधिकार, मध्यम वर्ग पर बोझ, डिजिटल मुद्दे, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, चुनावी सुधार और आर्थिक सुझाव पर फोकस करते हैं।
उनका एयरपोर्ट पर उड़ान यात्री कैफे में 10 रुपए की चाय पीना ये दर्शाता है कि आम आदमी के लिए भी एयरपोर्ट पर कम और पॉकेट फ्रेंडली रेट्स में सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उड़ान यात्री कैफे क्या है?
उड़ान यात्री कैफे केंद्र सरकार की एक पहल है, जिसे नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने शुरू किया है। इसका मुख्य उद्देश्य हवाई अड्डों पर यात्रियों को किफायती दरों पर साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण खाना-पीना उपलब्ध कराना है।
इसे शुरू करने का एक उद्देश्य ये भी था कि पहले भारत के एयरपोर्ट्स पर खाने-पीने की चीजें काफी महंगी मिलती थीं। पानी की बोतल के 100 रुपए तक चार्ज किए जाते थे और समोसा जैसे स्नैक्स 150 से 200 रुपए तक में मिलते थे। ऐसे में मिडिल क्लास के यात्रियों को काफी परेशानी होती थी और उन्हें विकल्प न होने की वजह से कई बार इतनी महंगी चीजें खरीदनी पड़ती थीं। ऐसे में जब से उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत हुई है, मिडिल क्लास को बड़ी राहत मिली है।
इसका पहला कैफे दिसंबर 2024 में कोलकाता (नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट) से शुरू हुआ था, जो एयरपोर्ट पर अब काफी पॉपुलर हो रहा है। 2026 तक सरकार का लक्ष्य है कि देश के अधिकांश प्रमुख एयरपोर्ट्स (AAI वाले) पर यह उपलब्ध हो जाए।

